हजारीबाग पुलिस लाइन में चली गोली, जवान की मौत..

हजारीबाग पुलिस लाइन में प्रतिनियुक्त पुलिस कर्मी रामकुमार महतो का शव गुरुवार की अहले सुबह पुलिस लाइन के चबूतरे के पास मिला है। ये खुदकुशी है या मैग्जीन निकालने के क्रम में गोली चलने से उसकी मौत हुई है। इसकी जांच की जा रही है। मृतक कांस्टेबल राम कुमार महतो (54) चतरा जिले के हंटरगंज निवासी था। वो 2008 बैच का कांस्टेबल था। उसके 3 पुत्र और एक पुत्री हैं। इस घटना को लेकर पुलिस लाइन में मायूसी छाई हुई है। दरअसल, बुधवार को विधानसभा की टीम हजारीबाग आई थी, जिनके एस्कॉर्ट में कांस्टेबल राम कुमार महतो की भी ड्यूटी लगाई गई थी। ड्यूटी पूरी करने के बाद रात में वह मैगजीन हाउस में हथियार जमा करने के पूर्व मैगजीन हाउस के पास ग्राउंड के चबूतरे पर बैठकर कारतूस की काउंटिंग और इंसास की साफ-सफाई कर रहा था। इसी दौरान गोली चल गई। देर रात उसे हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।

मामले में मेंस एसोसिएशन के मंत्री भीखू पासवान ने कहा कि पुलिस कर्मी रामकुमार महतो ने खुद की सर्विस राइफल से गोली मारी है या राइफल की मैग्जीन निकालने के क्रम में गोली चलने से उसकी मौत हुई है। यह जांच का विषय है। वहीं एसपी मनोज रतन चोथे ने कहा कि पुलिस कर्मी रामकुमार महतो ने गोली मारकर खुदकुशी की है या सर्विस इंसास राइफल से खुद गोली चलने से मौत हुई है। इसकी जांच करने में पुलिस जुट गई है। उसका शव पुलिस लाइन मैदान के चबूतरे पर देखा गया, जहां झंडोत्तोलन होता है। अहले सुबह करीब 4.15 बजे जब अन्य पुलिसकर्मी पुलिस केंद्र स्थित चबूतरे की ओर गये तो उसका शव पड़ा देखा।