सीएम हेमंत सोरेन की पत्नी और बच्चे कोरोना पॉजिटिव..

झारखंड में कोरोना संक्रमण तेजी से पांव पसार रहा है। स्थिति ये है कि मुख्यमंत्री आवास तक कोरोना संक्रमण पहुंच गया है। सीएम हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन, उनके दो बच्चे नितिल सोरेन और बिश्वजीत सोरेन कोरोना संक्रमित हो गए हैं। जांच में सीएम हेमंत सोरेन की रिपोर्ट निगेटिव आई है। इनके अलावा सीएम हाउस में तीन अन्य लोग पॉजिटिव आए हैं इनमें एक सीएम की साली और एक गार्ड शामिल हैं। सभी होम आइसोलेशन में हैं। गौरतलब है की कोरोना का हल्का सिम्पटम पाए जाने के बाद शुक्रवार को सीएम हाउस से 13 लोगों का सैंपल लिया गया था। इसमें सीएम की पूरी फैमिली के अलावा उनके सलाहाकार अभिषेक प्रसाद व गार्ड शामिल थे। इसमें 5 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। सैंपल की जांच RIMS के माइक्रोबायोलॉजी विभाग के लैब में हुआ था।

कोरोना की पुष्टि होने के बाद सीएम हाउस से 62 लोगों का सैंपल लिया गया है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक संक्रमितों के संपर्क में आने वाले लोगों का एहतियात कोरोना टेस्ट के लिए सैंपल लिया गया है। इनकी रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

इधर, राज्य में शनिवार को भी विभिन्न जिलों में बड़ी संख्या में संक्रमितों की पहचान हुई। पूर्वी सिंहभूम में 1043, रामगढ़ में 387, देवघर में 281, बोकारो में 278 नए संक्रमित मिले। अन्य जिलों में भी बड़ी संख्या में संक्रमित मिले हैं, जबकि रांची सहित कई जिलों से रिपोर्ट आनी बाकी थी। राज्य में एक्टिव केस की संख्या बढ़कर अब 20 हजार से भी अधिक हो गई है। झारखंड की स्थिति का अनुमान लगा सकते हैं कि देश के सिर्फ छह राज्यों में 20 हजार से अधिक एक्टिव केस हैं। इनमें महाराष्ट्र, दिल्ली, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु तथा पश्चिमी सिंहभूम शामिल हैं। अन्य सभी राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों में वर्तमान में झारखंड से कम एक्टिव केस हैं।