चान्हो में फाइनेंस कर्मी से लूट का खुलासा, पांच गिरफ्तार..

रांची पुलिस ने चान्हो में फाइनांसकर्मी से दो माह पहले हुई लूटपाट के मामले का खुलासा कर लिया है। इस घटना की पूरी प्लानिंग चान्हो के सिलागाईं निवासी हुसैन अंसारी ने की थी। इस घटना में सात लोग शामिल थे। इनमें से पुलिस ने साजिशकर्ता समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार लुटेरों में दीपक कुमार महतो उर्फ डीके, पंकज कुमार सिंह उर्फ रोहित सिंह, हुसैन अंसारी, मनव्वर राही, धनंजय कुमार साहु शामिल हैं। हुसैन अंसारी चान्हो थाना क्षेत्र का रहने वाला है, जबकि अन्य चार नरकोपी के हैं।

पूरे मामले का खुलासा करते हुए ग्रामीण एसपी नौशाद आलम ने बताया कि केजीएफएस प्राइवेट लिमिटेड फाइनांस कंपनी का पैसे का कलेक्शन प्रतिदिन चान्हो से होता है। सरफराज नामक एजेंट कलेक्शन कर उसे बीजूपाड़ा ले जाता है। इसकी जानकारी आरोपी हुसैन अंसारी को थी। हुसैन ने अपने साथियों के साथ मिलकर एजेंट से लूटपाट की योजना बनायी। इसके बाद सभी आरोपियों ने मिलकर 15 नवंबर, 2021 को घटना को अंजाम दिया।

डीएसपी के नेतृत्व में गठित टीम ने दबोचा..
केजीएफएस प्राइवेट लिमिटेड नामक फाइनांस कंपनी का एजेंट सरफराज बीते 15 नवंबर को 70 हजार रुपए कलेक्शन कर जमा करने के लिए जा रहा था। बीजूपाड़ा के समीप आरोपियों ने उसे घेर लिया। पैसा लूटने का प्रयास किया। विरोध करने पर अपराधियों ने सरफराज को दो गोली मारी। एक गोली कलाई में और दूसरी बांह को छूते हुए निकल गई। इसके बाद लूटेरे पैसे लेकर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद खलारी डीएसपी अनिमेष नथानी के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया। गठित टीम ने मोबाइल लोकेशन व सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों को दबोच लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *