देवघर में रोप-वे का सैप टूटा, महिला की मौत, दर्जनों घायल..

झारखंड के इकलौते त्रिकूट रोपवे में रविवार को बड़ा हादसा हो गया। हादसे में एक महिला की जान चली गयी है, जबकि दर्जनभर से अधिक पर्यटक व यात्री घायल बताए जा रहे हैं। समाचार लिखे जाने तक 8 घायलों को रेस्क्यू कर सदर अस्पताल लाया गया, जहां एक महिला की मौत हो गयी, जबकि 7 लोगों का इलाज चल रहा है। उसमें एक बच्चे के अलावा महिला की स्थिति गंभीर बतायी जा रही है। देवघर-दुमका मुख्य मार्ग पर मोहनपुर थाना क्षेत्र स्थित त्रिकुट पहाड़ पर रोपवे में रविवार अपराह्न करीब चार बजे हादसा होने की बात कही जा रही है। जानकारी के अनुसार रामनवमी को लेकर त्रिकूट रोपवे में पर्यटकों की भारी भीड़ जुटी थी। रोपवे परिलन के क्रम में तार टूट जाने की वजह से एक ट्रॉली ऊपर में गिर गयी जबकि चार-पांच ट्रॉलियां आपस में और पहाड़ के पत्थरों में टकरा गयी, जिससे ट्रॉलियों में बैठे कई यात्री बुरी तरह जख्मी हो गए। उस क्रम में फंसी ट्रॉलियां हवा में झूलती रही।

अंतिम समाचार मिलने तक लगभग नीचे उतर चुकी कुछ ट्रॉलियों से ग्रामीणों व प्रशासन के साथ एनडीआरएफ की मदद से कई घायलों का रेस्क्यू कर सदर अस्पताल भेज दिया गया था, जबकि लगभग 80 से अधिक यात्रियों के फंसे होने का अनुमान लगाया जा रहा है। यात्रियों को सुरक्षित उतारकर निकालने की कोशिशें जारी थी, लेकिन ऊंचाई के साथ अंधेरा होने के कारण उन्हें निकाल पाना नामुमकिन हो रहा था।

डीसी मंजूनाथ भजंत्री, एसपी सुभाष चन्द्र जाट, एसडीओ दिनेश कुमार यादव की अगुवायी में पूरा प्रशासनिक अमला त्रिकुट पहाड़ पर कैंप किए हुए है। रात अगर यात्रियों को निकाल पाना संभव नहीं हुआ तो सुबह हेलीकॉप्टर भी मंगाने की तैयारी की जा रही है। उधर घटना की जानकारी मिलने के बाद रामनवमी पर अपने गांव भागलपुर के भवानीपुर पहुंचे सांसद निशिकांत दुबे भी वहां से सीधे त्रिकुट पहाड़ पहुंचे। उन्होंने घटना के बाबत गृह मंत्री अमित शाह से बात की। कहा कि सभी यात्रियों को सुरक्षित उतारने के लिए हेलीकॉप्टर मंगाने पर भी मंथन चल रहा है।

जानकारी के अनुसार सुरा गांव निवासी लगभग 40 वर्षीया महिला सुमति देवी की मौत सदर अस्पताल में इलाज के क्रम में हो गयी है। बताया जाता है कि मृतका का मोहनपुर थाना क्षेत्र के सिरसा गांव में मायका है। रामनवमी को लेकर वह यहां आयी थी और उसी क्रम में त्रिकुट रोपवे घूमने गयी थी। वहीं दुमका जिला में पदस्थापित असम के कोकराझार निवासी जवान भूपेंद्र वर्मा व उसकी पत्नी दीपा वर्मा, जामताड़ा जिला के करमाटांड़ निवासी रूपा कुमारी, सोनी देवी जिसका मायका मोहनपुर थाना क्षेत्र का तीनगर बताया जा रहा है, गिरिडीह के करमाटांड़ निवासी गोविंद भगत, बिहार के दरभंगा अंतर्गत लहरियासराय निवासी खुशबू रानी, सुधा रानी और एक अज्ञात बालक घायल है। घायलों में अज्ञात बालक के साथ एक महिला की स्थिति गंभीर बतायी जा रही है।

बता दें की झारखंड का इकलौता देवघर का त्रिकूट रोपवे त्रिकूट पहाड़ की तीन चोटियों में सबसे उंची चोटी समुद्र तल से 2470 फीट की ऊंचाई तक जाता है। जमीन तल से लगभग 840 मीटर की ऊंचाई पर लोग ट्रैकिंग का आनंद उठाने के लिए यहां पहुंचते हैं। त्रिकुट पहाड़ की लंबाई 848 मीटर है। यह झारखंड का एकमात्र और बिहार झारखंड का सबसे ऊंचा रोपवे है जमीन से खड़ी 90 डिग्री के कोण पर यह बना हुआ है। इस पर पहुंचने के लिए एक-एक ट्रॉली में 4-4 लोगों को बैठाकर ऊपर भेजा जाता है।