11वीं नेशनल जूनियर हॉकी चैंपियनशिप स्थगित, 11 खिलाड़ी कोरोना संक्रमित..

सिमडेगा में आगामी 3 अप्रैल से आयोजित होने वाली 11वीं नेशनल जूनियर हॉकी चैंपियनशिप के 11 खिलाड़ी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इसके बाद कोरोना के बढ़ते प्रकोप के कारण 11वीं नेशनल जूनियर हॉकी चैंपियनशिप को स्थगित करने का फैसला लिया गया है। ये निर्णय हॉकी इंडिया और हॉकी झारखंड ने लिया है। सिमडेगा के डीसी सुशांत गौरव ने बताया कि झारखंड टीम के छह, चंडीगढ़ के पांच खिलाड़ी और एक कोच सहित कुल 12 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं।

सुशांत गौरव ने बताया कि एस्ट्रोटर्फ स्टेडियम को सील कर दिया गया है साथ ही खिलाड़ियों को वापस भेजा जा रहा है। यहां तक कि कई टीमों को रास्ते से ही वापस लौटा दिया गया है। इस स्टेडियम को कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया गया है। हॉकी झारखंड के प्रमुख भोलानाथ सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि चैंपियनशिप को स्थिति सामान्य होने तक स्थगित किया गया है। ये आयोजन आगे जाकर सिमडेगा में ही किये जाने का प्रयास रहेगा। फिलहाल टूर्नामेंट में आय़ी हुई टीमों को वापस भेजे जाने की भी पहल होगी। 30 मार्च को सिमडेगा पहुंची चंडीगढ़ की टीम वापस भी अपने घर लौटेगी।

दरअसल नियमानुसार सिमडेगा पहुंचने पर चंडीगढ़ की टीम में शामिल सभी प्लेयर्स और स्टाफ का कोरोना टेस्ट कराया गया। जिनमें तीन संक्रमित पाये गये। इसके बाद बुधवार की सुबह हॉकी झारखंड ने उन सभी टीमों को इसकी जानकारी दी जो इस टूर्नामेंट में शामिल होने को सिमडेगा के लिये निकल चुकी थीं। हरियाणा, पंजाब, जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश की टीम दिल्ली स्टेशन पर आ चुकी थी। इसी तरह अन्य राज्यों की टीम अपने अपने गृह राज्यों से बुधवार की शाम निकलने वाली थी। कुल 28 टीम इस टूर्नामेंट में शामिल होने वाली थी। सबों को टूर्नामेंट स्थगित किये जाने की सूचना हॉकी झारखंड की ओर से जारी कर दी गयी है।

गौरतलब है कि हॉकी इंडिया और सिमडेगा जिला प्रशासन के सहयोग से सिमडेगा में मार्च के 10 से 18 मार्च तक नेशनल सब जूनियर महिला हॉकी चैंपियनशिप का आयोजन हॉकी झारखंड ने किया था। इस टूर्नामेंट के दौरान भी खिलाड़ियों और अन्य ऑफिशियल का कोरोना टेस्ट कराया गया था। इसी तरह सिमडेगा में 3 अप्रैल से 12 अप्रैल तक होने वाले नेशनल जूनियर के लिये भी सभी का टेस्ट कराने का निर्देश था। टूर्नामेंट की तैयारी भी पूरी हो चुकी थी लेकिन आखिर में कोरोना केस सामने आने पर इसे बाद में आयोजित किये जाने का निर्णय हुआ।

दूसरी तरफ कोरोना के बढ़ते खतरों को देखते हुए 11वीं झारखंड स्टेट सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप को भी कैंसिल किये जाने का फैसला हुआ है। ये टूर्नामेंट होना गुमला में होना था। 16 से 18 अप्रैल तक होने वाले इस चैंपियनशिप में राज्य भर की 24 टीम शामिल होने वाली थी। झारखंड एथलेटिक्स एसोसिएशन बाद में इसके लिए फिर से तिथि और वेन्यू की घोषणा की जाएगी।