रांची में मौसम साफ होने के साथ मिलेगी ठंड से राहत..

रांची में अब मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल रहा है। वहीं यहाँ के लोगों को ठंड से भी राहत मिल रही है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार कल यानि शुक्रवार तक रांची का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने के आसार हैं। वहीं अगले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में 4 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि की संभावना भी जताई है।

मौसम विभाग के अनुसार 16 फरवरी से रांची का मौसम फिर करवट ले सकता है। मौसम विभाग के एक्सटेंडेड मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 16 फरवरी को राजधानी रांची समेत राज्य के कुछ क्षेत्रों में बादल छाए रहेंगे साथ ही हल्की बारिश होने के भी संभावना हैं।

मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने मौसम के इस बदलाव का करण चक्रवात को बताया। उन्होंने कहा कि वर्तमान में एक चक्रवातीय क्षेत्र हरियाणा और आसपास के राज्यों में समुद्र तल से 0.9 किमी ऊपर दवाब बन रहा है। जिसका असर झारखंड में भी देखने को मिलेगा। वही पिछले 24 घंटे में प्रदेश में मौसम शुष्क रहा। राज्य का न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसी के साथ रांची के अलावा चाईबासा का अधिकतम तापमान 31.4डिग्री रिकार्ड किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान कांके का 09.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।