Weather Update: राज्य में कल से फिर बारिश के आसार, 11 फरवरी तक रहेगा असर..

रांची सहित झारखंड के कई इलाकों में एक बार फिर से पश्चिमी विक्षोभ और उसे जुड़े साइक्लोनिक सर्कुलेशन का असर देखने को मिलेगा। मौसम विभाग के अनुसार, 9 फरवरी को झारखंड के उत्तर और मध्यवर्ती इलाकों में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। वहीं मौसम में बदलाव के दूसरे दिन दस फरवरी को राज्य के उत्तरी एवं मध्य के अलावा दक्षिण पूर्वी भाग में कहीं-कहीं मेघ गर्जन, वज्रपात के साथ मध्यम दर्जे की वर्षा होगी। नौ और दस फरवरी को तापमान में दो से चार डिग्री सेसि की बढ़ोतरी होगी। वहीं 11 से मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन तापमान में आसमान से बादल छंटने के साथ ही दो से चार डिग्री सेसि तक की गिरावट आएगी। मौसम पूर्वानुमान में सुबह में राज्य के मैदानी भाग, वन क्षेत्र और नदी तट वाले इलाके में सुबह में धुंध की स्थिति बनी रहेगी। बताया गया कि अभी उत्तर पश्चिम दिशा से बफीर्ली हवा का बहाव हो रहा है। इसके असर से कंपकंपी वाली ठंड अभी कायम रहेगी।

रांची सहित पूरे झारखंड में कड़ाके की ठंड..
इधर, रांची सहित पूरे झारखंड में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। पिछले दो दिनों के मुकाबले न्यूनतम तापमान में 5 डिग्री सेल्सियस तक कमी आई है। 2 दिन पहले तक रांची का न्यूनतम तापमान 13.3 डिग्री सेल्सियस था, जो घटकर 8.1 डिग्री सेल्सियस पर आ गया है। रांची से सटे इलाके मैक्लुस्कीगंज में पारा शून्य डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। वहीं कांके का तापमान भी रविवार को 5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचा था। पिछले 24 घंटे के दौरान सबसे कम न्यूनतम तापमान गढ़वा में 7.0 डिग्री सेसि दर्ज किया गया।