झारखंड के कई इलाकों में बारिश और ओलावृष्टि, तीन दिनों तक खराब रहेगा मौसम..

झारखंड के मौसम में आज दोपहर बाद से बदलाव हुआ। राज्य के उत्तरी भाग में गढ़वा से लेकर गिरिडीह तक के बिहार से सटे इलाके और मध्य भाग के रांची, खूंटी, गुमला, लोहरदगा, रामगढ़, हजारीबाग, कोडरमा, बोकारो, धनबाद और गिरिडीह में आसमान में बादल छाने के साथ ही मेघ गर्जन और हल्की बारिश शुरू हो गई। इस दौरान रांची, हजारीबाग समेत कई जिले में कुछ स्थान पर ओलावृष्टि भी हुई। वहीं वज्रपात से रांची के तुपुदाना थाना क्षेत्र की सोदाग निवासी महिला मीना तिर्की की मौत हो गई।

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक अभिषेक आनंद के मुताबिक हिमालयी क्षेत्र में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ से नए सिरे से साइक्लोनिक सरकुलेशन का निर्माण हुआ है। साइक्लोनिक सरकुलेशन के साथ एक टर्फ लाइन राजस्थान, पूर्वी मध्य प्रदेश से झारखंड होते हुए नागालैंड तक जा रहा है। इसके प्रभाव से मेघ गर्जन और ओलावृष्टि हुई। वहीं, लो प्रेशर एरिया बनने की वजह से राज्य की कई जगहों पर हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हुई। उन्होंने बताया कि देर रात या शुक्रवार की सुबह तक यह सिस्टम गिरिडीह से आगे साहिबगंज तक प्रभावी हो जाएगा और संबंधित इलाकों दुमका, गोड्डा, पाकुड़, साहेबगंज और जामताड़ा में ओलावृष्टि के साथ बारिश होगी।

कल भी कई जगहों पर होगी बारिश..
मौसम पूर्वानुमान में 25 फरवरी को झारखंड के मध्य, दक्षिणी और उत्तर पूर्वी भाग में कई जगहों पर मेघ गर्जन, ओलावृष्टि और बारिश होगी। इसको लेकर मौसम केंद्र की ओर से यलो अलर्ट भी जारी हुआ है। 26 फरवरी को कोल्हान और संतालपरगना प्रमंडल के विभिन्न इलाके में बारिश होगी। इस दौरान न्यूनतम तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होगी। बताया गया कि 28 फरवरी को सिस्टम के कमजोर पड़ने के बाद मौसम शुष्क रहेगा और आसमान से बादल छंट जाएंगे। मौसम वैज्ञानिक के मुताबिक झारखंड में जाड़ा का प्रभाव अब धीरे-धीरे समाप्त हो रहा है। इस कारण दिन ढलने के साथ दोपहर तक गर्मी बढ़ रही है। वहीं, सिस्टम के प्रभाव से लो प्रेशर एरिया बना हुआ है। इस वजह से टर्फ लाइन के साथ नमी भी आ रही है। अभी उत्तर पश्चिम दिशा से हवा का बहाव हो रहा है। इसी कारण बारिश के साथ मेघ गर्जन और ओलावृष्टि की स्थिति कायम है।