झारखंड पंचायत चुनाव के दूसरे चरण की वोटिंग खत्म, 68% मतदान..

रांची: झारखंड पंचायत चुनाव 2022 के तहत दूसरे चरण की 7,029 सीटों पर गुरुवार को शांतिपूर्ण मतदान संपन्न हो गया। इस चरण में भी जमकर वोट पड़े। प्रारंभिक आंकड़ों के अनुसार राज्य के 16 जिलों के 50 प्रखडों के 872 पंचायतों में 68.15 प्रतिशत मतदान हुआ। इस तरह दूसरे चरण में पहले चरण के बराबर मतदान हुआ। पहले चरण में भी 68.15 प्रतिशत वोट पड़े थे। गुरुवार को सुबह सात बजे से मतदान शुरू होते ही अधिसंख्य मतदान केंद्रों में मतदाताओं की कतार देखी गई। बड़ी संख्या में महिला, वृद्ध और दिव्यांग मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। शाम तीन बजे भी मतदाता कतार में थे, जिन्हें भी मताधिकार का अवसर प्रदान किया गया। नक्सलियों के क्षेत्र में भी मतदाता लोकतंत्र के इस पर्व में शामिल हुए।

इधर चुनाव के दौरान कोडरमा जिले के सतगांवा थाना क्षेत्र में आंगनबाड़ी वार्ड- 07 मतदान केंद्र में मतदान के दौरान दो पक्षों के बीच मारपीट का मामला सामने आया। इसके अलावा धनबाद जिले के बाघमारा प्रखंड अंतर्गत महुदा में राधानगर बूथ नंबर चार पर भी मतदान के दौरान पदुगोड़ा पंचायत के तीन प्रत्याशी विकास अग्रवाल, महेश पटवारी, संतोष महतो के बीच झड़प की सूचना है। पुलिस ने पुष्टि की कि इलाके में तनाव की स्थिति बरकरार है और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की जा रही है। वहीं गिरिडीह के गावां स्थित उत्क्रमित उच्च विद्यालय बिष्नीटीकर मतदान केंद्र पर दो मुखिया प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच मारपीट हो गई। इस दौरान उपद्रवियों ने एक मतपेटी में स्याही डाल दी जिससे एक घंटा मतदान प्रभावित हुआ।

कुल 7,029 सीटों के लिए मतदान हुआ, जिनमें 3,624 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित थीं। कुल सीटों में ग्राम पंचायत के वार्ड सदस्य के 5,123, मुखिया के 866, पंचायत समिति सदस्य के 938 तथा जिला परिषद सदस्य के 102 पद शामिल हैं। दूसरे चरण में वार्ड सदस्य के लिए 12,533, मुखिया के लिए 5,141, पंचायत समिति सदस्य के लिए 3,583 तथा जिला परिषद सदस्य के लिए 615 उम्मीदवारों का भाग्य बैलेट बाक्स में कैद हो गया।

त्रिस्तरीय झारखंड पंचायत चुनाव 2022 के तहत दूसरे चरण की सीटों पर गुरुवार को हुए मतदान में सबसे अधिक वोट पूर्वी सिंहभूम की पंचायतों में पड़े। यहां 75.50 प्रतिशत मतदान हुआ। वहीं, पश्चिमी सिंहभूम की पंचायतों में सबसे कम 57.83 प्रतिशत मतदान हुआ। रांची में 64.71 प्रतिशत मतदान हुआ है।

किस जिले में कितने प्रतिशत पड़े वोट..
पलामू : 68.67, लातेहार : 66.20, चतरा : 69.63, कोडरमा : 66.36, गिरिडीह : 71.46, गोड्डा : 73.33, पाकुड़ : 73.00, जामताड़ा : 74.89, धनबाद : 68.51, बोकारो : 68.09, गुमला : 63.10, खूंटी : 63.23, रांची : 64.71, सिमडेगा : 64.91, पश्चिमी सिंहभूम : 57.83, पूर्वी सिंहभूम : 75.50