झारखंड में अगले 2 दिनों तक ओलावृष्टि की आशंका, मौसम विभाग का येलो अलर्ट..

झारखंड के उत्तर पश्चिमी भाग में कई स्थान पर मंगलवार को हल्की बारिश और ओलावृष्टि हुई। रांची में रात 8 बजे के बाद बारिश हुई। इस दौरान मेघ गर्जन भी हुए। मौसम विभाग ने रांची समेत कई इलाकों में बारिश की संभावना जतायी थी। साथ ही ओलावृष्टि की भी संभावना जतायी। इधर, 29 दिसंबर को भी राज्य के कई स्थानों पर हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि के मध्य रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी तथा रामगढ़ के अलावे पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, लातेहार व लोहरदगा में कहीं-कहीं ओलावृष्टि हाेने की संभावना है। देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्‌डा में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हो सकती है। इसे ध्यान में रखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

इसके साथ ही मौसम विभाग की ओर से अलर्ट जारी कर बताया गया है कि दो दिनों की बारिश से सब्जी और फलों को काफी नुकसान हो सकता है। सब्जियों में जहां कीड़े लगने के साथ अलग-अलग बीमारियां हो सकती हैं वहीं आलू और सरसो के फसल को भारी नुकसान हो सकता है। वहीं गेहूं के लिए इस बारिश को फायदेमंद बताया गया है। वैसे नये साल की शुरुआत सुहाने मौसम से होगी और 30 तक इसमें कोई बदलाव नहीं होगा। 31 दिसंबर से न्यूनतम तापमान के साथ-साथ अधिकतम तापमान भी गिरेगा।

न्यूनतम तापमान में तेजी से बढ़ोत्तरी..
साइक्लोनिक सरकुलेशन की वजह से झारखंड में आसमान में बादल छाए हुए हैं। इसके प्रभाव से रात के तापमान में बढ़ोत्तरी हुई है और न्यनूतम तापमान का पारा तेजी से बढ़ा है। चाईबासा का न्यूनतम तापमान 16.4, जमशेदपुर का 15.4, रांची का 14.2, देवघर का 13.2, बोकारो का 13.5 और डालटनगंज का 13.3 डिग्री सेल्सियस रहा। सबसे कम न्यूनतम तापमान हजारीबाग में 10.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।