केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने झारखंड के तीरंदाज कोमोलिका और अंकिता भगत को किया सम्मानित..

सरायकेला: झारखंड की तीरंदाज कोमोलिका बारी, अंकिता भगत, कोच पूर्णिमा महतो, ओलिंपियन तीरंदाज लक्ष्मी रानी मांझी, तीरंदाज दीपिका कुमारी के प्रारंभिक कोच रहे बीएस राव और हिमांशु मोहंती को केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने सम्मानित किया। झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिला तीरंदाजी संघ की ओर से खरसावां के खेलारीसाही स्थित दमादिरी मैदान में वर्ल्ड तीरंदाजी में स्वर्ण पदक जीतने वाली तीरंदाजों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री सह राष्ट्रीय तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष अर्जुन मुंडा ने कहा कि कोरोना काल में भी हमारे तीरंदाजों ने विश्व विजेता बन कर यह साबित कर दिया कि संघर्ष इस माटी में है। हमारा लक्ष्य ओलंपिक में पदक जीतना है। आने वाले दिनों में समय प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए तीरंदाजों को तराश कर आगे प्रोत्साहित किया जाएगा। तीरंदाज दीपिका कुमारी ने इस माटी से तीरंदाजी की शुरुआत करते हुए आज तीरंदाजी में विश्व में शीर्ष स्थान पर पहुंच गई है।

इसके साथ ही उन्होंने कहा कि जनजातीय बहुल प्रखंडों में अगले तीन साल के दौरान 600 एकलव्य विद्यालय खोले जाएंगे। जहां 4 तरह के खेलों के साथ-साथ 12वीं तक की पढ़ाई और आवास की व्यवस्था होगी। इन एकलव्य विद्यालयों में तीरंदाजी को अनिवार्य कर दिया गया है। उन्होंने तीरंदाजी के क्षेत्र में झारखंड की उपलब्धियों की सराहना की। साथ ही दीपिका कुमारी के शिक्षकों को केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने सम्मानित किया।