Headlines

दिल्ली में इजराइली दूतावास के पास हुए विस्फोट के झारखंड से जुड़े तार..

29 जनवरी को देश की राजधानी दिल्ली में इजराइली दूतावास के सामने हुए विस्फोट के तार झारखंड से जुड़ गए हैं। मामले की जांच कर रहे दिल्ली पुलिस व एनआइए को जिन छह संदिग्धों की तालाश है, उनमें दो झारखंड के बताये जा रहे हैं। इनमें एक चतरा के टंडवा का रहने वाला अबू सूफियान और दूसरा जमशेदपुर के रोड नंबर-14, वेस्ट जाकिर नगर का सईद मोहम्मद अर्शियान बताया जा रहा है।

दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल ने अबू सुफियान और अर्शियान की गिरफ्तारी व जानकारी को लेकर झारखंड पुलिस से मदद मांगी है। सूत्रों के मुताबिक, आतंकी वारदातों में शामिल होने के संदेह में झारखंड पुलिस जिस अबु सूफियान को ढूंढ रही है वो विदेश भाग चुका है। इससे पहले भी उसकी तलाश में दिल्ली एटीएस की टीम रांची आ चुकी है।

गौरतलब है कि ओडिशा से पूर्व में गिरफ्तार हुआ अलकायदा का आतंकी अब्दुल रहमान कटकी रांची में कई दिन बिता चुका है। कटकी ने पूछताछ में एटीएस को ये बताया था कि झारखंड में आतंकियों के नेटवर्क को तेजी से फैलाने की दिशा में काम चल रहा था। वो कई स्थानीय युवाओं को अपने साथ जोड़ने में सफल रहा था।