कैदियों द्वारा कमाई गई राशि उनके जुर्म का शिकार हुए पीड़ितों को बांटे गए..

रांची के बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा में शुक्रवार को 27 पीड़ितों के बीच 11.79 लाख रूपये का भुगतान किया गया। राशि भुगतान का यह कार्यक्रम विधिक सेवा-सह-सशक्तिकरण शिविर के रूप में किया गया। कारा निरीक्षणालय, गृह कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकार रांची के संयुक्त तत्वावधान में इस शिविर का आयोजन किया गया।

अहम बात ये है कि जिस राशि का भुगतान पीड़ितों को किया गया वो होटवार जेल में बंद 24 सजायाफ्ता कैदियों ने जेल में किए गए कामों के एवज में अर्जित की थी। वहीं जिन पीड़ितों में यह राशि बांटी गयी, वो कभी उन कैदियों के जुल्म का शिकार हुए थे।

दरअसल झारखंड पीड़ित कल्याण कोष अधिनियम-2014 के अनुसार कारागार में बंदियों द्वारा श्रम करके अर्जित की गई राशि का 1/3 भाग पीड़ितों को दिया जाता है। इसी क्रम से शुक्रवार को चेक/आरटीजीएस के माध्यम से पीड़ितों को ये राशि दी गई। इन पीड़ितों को इससे पूर्व भी राशि की पहली किश्त का भुगतान किया जा चुका था।