पलामू और हजारीबाग में जंगली हाथियों के हमले में 2 लोगों की मौत, 1 बुरी तरह घायल..

पलामू और हजारीबाग जिले में जंगली हाथियों ने दो लोगों को मार डाला जबकि एक को गंभीर रूप से जख्मी कर दिया।

पलामू के पांकी थाना क्षेत्र के रतनपुर गांव में बुधवार देर रात हाथियों के झुंड ने एक वृद्ध दंपति पर हमला किया। हाथियों ने फूलो देवी और उनके पति वासुदेव राम को उठाकर पटक दिया। ये दोनों अपने पुराने घर से कुछ दूर बने नए घर में सोने जा रहे थे।तभी जंगली हाथियों ने उन पर हमला कर दिया।

इस हमले में जंगली हाथियों ने फूलो देवी को पटककर मार डाला जबकि वासुदेव गंभीर रूप से घायल हो गए। वासुदेव के इलाज मेदिनीनगर के मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है। उन्हें पैर और पीठ में गंभीर चोट आई है।

घटना की जानकारी मिलने पर पांकी के थाना प्रभारी पवन कुमार जवानों के साथ रतनपुर गांव पहुंचे। उन्होंने वृद्धा के शव का पोस्टमार्टम करवाया। वहीं मेदिनीनगर सदर एसडीएम ने बताया कि मृतका के आश्रित को चार लाख रुपये का मुआवजा देने का प्रावधान है।

ग्रामीणों ने बताया झुंड में करीब छह से आठ हाथी हैं। वे गांव की आबादी को निशाना बनाने के साथ ही फसलों को भी बर्बाद कर रहे हैं। हाथियों ने जशपुर व खपरमंडा गांव के बाद रतनपुर गांव में उत्पात मचाया।

उधर, हजारीबाग जिले के बड़कागांव प्रखंड स्थित गाली गांव में भी हाथियों ने उत्पात मचाया। यहां तेतर गंझू नामक शख्स को हाथियों ने कुचलकर मार डाला। ग्रामीणों ने बताया कि आधी रात करीब 20- 25 हाथियों का झुंड गोंदलपुरा पंचायत के गाली गांव में घुस आया। हाथियों ने घर में सो रहे तेतर गंझू उर्फ रोगन गंझू नामक युवक को कुचलकर मार डाला। मृतक की पत्नी सहोदरी ने बताया कि हाथी अचानक घर में घुस गए। तेतर ने भागने की कोशिश की लेकिन हाथियों ने उसे पटक कर पैर से कुचल दिया।