पिता ने इतनी पी ली शराब कि बेटा बीच रास्ते गिर गया और उसे पता भी नहीं चला..

Jharkhand Updates

लातेहार के बरवाडीह थाना क्षेत्र के मीठहा गांव निवासी बजंरगी राम के घर के पास बीती रात लगभग 2:30 बजे घायल अवस्था में एक 5 वर्ष का अज्ञात बच्चा पहुंचा। बच्चे के सिर और हाथ में गंभीर चोट लगी थी। बजरंगी राम ने फौरन अपने परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। लोगों ने एंबुलेंस बुलाया और उससे घायल बच्चे को रात में ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ले जाकर भर्ती कराया। वहां बच्चे का प्राथमिक उपचार किया गया।

इसके साथ ही मामले की जानकारी नजदीकी थाने में दी गई। सूचना के बाद थाना प्रभारी श्रीनिवास सिंह अस्पताल पहुंचे फिर घायल बच्चे का हालचाल जाना और पूरे मामले की जानकारी ली। जिसके बाद थाना प्रभारी के द्वारा बच्चे के परिजनों का पता लगाने का प्रयास किया जाने लगा।

थाना प्रभारी बताया गया कि बच्चा पलामू जिले के डाल्टनगंज का रहने वाला है और अपने पिता के साथ एक शादी समारोह में थाना क्षेत्र के गुलजारबाग में आया हुआ था। बच्चे के पिता ने खूब शराब पी रखी थी। नशे में धुत पिता रात में डालटेनगंज वापस लौट रहा था। इसी क्रम में बच्चा बरवाडीह डाल्टनगंज मार्ग में मुर्गिडीह कैम्प के आसपास गाड़ी से गिर गया और नशे में धुत पिता को पता भी नहीं चला। जिसके बाद बच्चा घायल अवस्था मे गांव में पहुंचा। यहां ग्रामीणों ने मानवता का परिचय देते हुए बच्चे को इलाज के लिए भर्ती कराया। घायल बच्चा पहले से स्वस्थ है और उसे उसके परिवार के लोगों को सौंप दिया गया है।