रांची के चान्हो में कमरे में मिला 2 दोस्तों का शव..

राजधानी रांची के चान्हो इलाके में खेत के बीच बने घर में दो लड़कों की लाश मिलने के बाद से इलाके में सनसनी फैल गई। घर के कमरे में एक लड़का फंदे से झूलता हुआ पाया गया, जबकि दूसरा लड़का चारपाई पर पड़ा हुआ मिला। मृतकों की पहचान नया टोली सपारोम के रहने वाले 12 वर्षीय मनीष उरांव और 16 वर्षीय गणेश उरांव के रूप में हुई। पुलिस ने मौके से एक लाठी बरामद की है घटना रविवार देर रात की बताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

पीट-पीट कर हत्या करने की आशंका
ग्रामीणों के मुताबिक ये दोनों लड़के दोस्त थे और साथ में खेती करते थे। कुछ समय पहले दोनों ने मिलकर खेत में टमाटर की खेती कर रहे थे साथ ही तरबूज की फसल भी तैयार कर रहे थे। ऐसे में सोमवार सुबह खेत में बने घर में दोनों की लाश मिलने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। गांववालों ने तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दी। कमरे में गणेश उरांव की लाश फंदे से लटक रही थी, जबकि मनीष का शव खाट पर पड़ा था। ग्रामीणों की कहना है कि दोनों लड़कों की लाठी से पीट-पीट कर हत्या कर दी गई। मनीष के चेहरे पर खून के निशान भी मिले हैं।

पारिवारिक दुश्मनी भी हो सकता है कारण
वहीं इस घटना के पीछे पारिवारिक दुश्मनी की भी बात सामने आ रही है। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। दोनों दोस्त इसी घर में एक साथ सोया करते थे। आशंका जताई जा रही है कि इस घटना को एक से अधिक लोगों ने मिलकर अंजाम दिया है। उधर पुलिस अभी इस मामले में कुछ भी कहने से बच रही है। पुलिस तमाम बिंदुओं पर जांच कर रही है।