पेट्रोल पंप संचालकों को कड़े निर्देश नो हेलमेट-नो पेट्रोल..

Ranchi: सड़क दुर्घटनाओं पर रोक थम के लिए ट्रैफिक पुलिस ने पेट्रोल पंप संचालकों पर अभियान को लेकर सख्ती दिखाना शुरू कर दिया है। रांची पुलिस द्वारा पेट्रोल पंप संचालकों पर नो हेलमेट-नो पेट्रोल अभियान पर सख्ती से जोर दिया जा रहा है। रांची के सभी पेट्रोल पंप संचालकों को रांची पुलिस ने इस अभियान को पालन करने के लिए दिशा निर्देश दिए। वहीं पुलिस प्रशासन द्वारा पेट्रोल पंप चालकों को यह भी निर्देश दिए गए है कि अगर पेट्रोल पंप पर बिना हेलमेट कोई भी वाहन चालक पेट्रोल मांगता है तो पुलिस प्रशासन की ओर से दिए गए निर्देशों के अनुसार संबंधित थाना को गाड़ी का नंबर भेजें।

बिना हेलमेट नहीं मिलेगा पेट्रोल…..
जिला प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस के साथ पेट्रोल पंप संचालकों बीच इसे लेकर बैठक हुई थी। बैठक में हर हाल में इस अभियान का पालन करने के सख्त निर्देश पेट्रोल पंप संचालकों को दिए गए है, जिससे कि सड़क घटनाओं की संख्या में कमी आए। पंप संचालकों से कहा गया है कि अगर कोई व्यक्ति बिना हेलमेट पेट्रोल भरवाने के लिए पंप पर पहुंचता है तो उन्हें किसी भी हाल में पेट्रोल नहीं दें। अगर, कोई जबरदस्ती करता है तो संबंधित इलाके के थाने में ऐसे वाहन चालकों की सूचना दें, ताकि संबंधित थाना प्रभारी उस पर कार्रवाई कर सकें।

पेट्रोल पंप संचालकों को मिला पोस्टर….
सभी पेट्रोल पंप संचालकों को ट्रैफिक पुलिस ने नो हेलमेट-नो पेट्रोल लिखा हुआ पोस्टर उपलब्ध कराया है। साथ ही पेट्रोल पंप के किसी ऐसे स्थान पर पोस्टर लगाने के निर्देश दिए गए हैं जिस पर तुरंत वाहन चालकों की नजर पड़े। ट्रैफिक पुलिस के निर्देश पर कई संचालकों ने अभियान का पंपलेट भी लगा दिया है।

पांच साल पहले शुरू हुआ था अभियान….
ट्रैफिक पुलिस की ओर से पांच साल पहले शुरू किया गया नो हेलमेट-नो पेट्रोल अभियान पर पंप संचालक भी पुलिस के आदेश का पालन करते हुए वाहन चालकों को पेट्रोल नहीं दे रहे थे। छह माह तक इसका वाहन चालकों पर असर भी रहा। मगर, बाद में अभियान में ढील आ गई। अब इस अभियान को लेकर पुलिस प्रशासन ने फिर से सख्ती दिखाना शुरू कर दिया है।

हर हाल में सफल हो अभियान….
वर्तमान में हालत यह है कि वाहन चालक बिना हेलमेट के ही पंप पर पहुंचते है और पेट्रोल भराकर निकल जाते हैं। न तो पंप संचालक उन्हें रोकते हैं और न ही पुलिस। रांची ट्रैफिक एसपी कुमार गौरव ने कहा कि अभियान को हर हाल में सफल बनाया जाएगा। पुलिस वाहन चेकिंग कर रही है। कैमरों की मदद से भी यातायात नियमों के उल्लंघन करनेवालों का चालान काटा जा रहा है। पेट्रोल पर संचालकों को सख्त निर्देश दिए गए हैं, ताकि हादसे में लोग हताहत न हों, उन्हें ज्यादा चोट न लगे।

सड़क दुर्घटना में हुई वृद्धि….
सड़क हादसों को रोकने के लिए पुलिस प्रशासन पेट्रोल पंप संचालकों के सहयोग से जागरूकता अभियान भी चला रही है। इसे सख्ती से अनुपालन करने के निर्देश प्रशासन के द्वारा दिया गया है। आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2021 और 2022 की तुलना करें तो हादसे, मौत और घायलों में भी बढ़ोतरी हुई है।, 2021 की तुलना में 2022 में सड़क दुर्घटनाएं 449 (9.50) अधिक हुई। इसी प्रकार मौत के मामले 387 (11.02) बढ़ गए। वहीं, घायलों की संख्या भी 519 (16.08) अधिक रिपोर्ट हुई है। इसी कारण ट्रैफिक पुलिस नो हेलमेट-नो पेट्रोल अभियान तेजी से चला रही है।