बोकारो : जमीन विवाद में सोनोत संथाल समाज के नेता सुरेश मुर्मू की हत्या..

बोकारो जिला के पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र के चौरा बस्ती में जमीन विवाद के दौरान बुधवार को हुए हिंसक झड़प में सोनोत संथाल समाज के नेता सुरेश मुर्मू की मौत हो गई वही चार जख्मी हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार 81 डिसमिल जमीन पर दावे को लेकर दो पक्ष आपस में भिड़ गए। एक पक्ष जमीन पर काम करना चाह रहा था। तो दूसरा पक्ष उस काम का विरोध कर रहे थे। इस मुद्दे को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ जो अंततः हिंसक झड़प का रूप ले लिया।

मृत सुरेश का कहना था कि जमीन उनके बाप दादा की है, जिस पर दूसरे पक्ष अपना दावा पेश करते हुए जमीन हड़पना चाहते हैं। जबकि दूसरे पक्ष का कहना है कि प्रथम पक्ष ने उन्हें जमीन बेची है।

घटना के बाद मौके पर भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ प्रकाश सिंह एवं आदिवासी मोर्चा के जिला अध्यक्ष रामलाल सोरेन पहुंचे। उन्होंने कहा की चास व पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र में लगातार भूमि विवाद को लेकर हिंसक झड़प की घटनाएं हो रही हैं। चौरा बस्ती में सोनोत संथाल समाज के जिला सचिव सुरेश प्रसाद मुर्मू के 81 डिसमिल जमीन पर थाना प्रभारी के मिलीभगत से बिल्डरों एवं एक सिपाही द्वारा कब्जा करने का प्रयास किया गया, विरोध करने पर सुरेश मुर्मू की हत्या कर दिया गया।