रांची में 50 किलो गांजा के साथ छह गिरफ्तार, तीन कार जब्त..

एनसीबी की टीम ने राजधानी रांची के ओरमांझी थाना क्षेत्र से 50 किलो गांजा के साथ छह लोगों को गिरफ्तार किया है। गुरुवार को हुई इस कार्रवाई में पुलिस ने तीन कार भी जब्त किया है।

गिरफ़्तार हुए आरोपियों में नंद मिश्रा, प्रवीण कुमार, गंगा राम, दीपक शुक्ला, सुनील कुमार यादव और प्रेमनाथ यादव शामिल हैं। ये सभी उत्तरप्रदेश के रहने वाले हैं।

गुप्त सूचना के आधार पर हुई कार्रवाई
जानकारी के मुताबिक, एनसीबी की टीम को इस बात की गुप्त सूचना मिली थी कि ओडिशा से कार में सवार लोग गांजा लेकर यूपी जा रहे हैं। एनसीबी की टीम ने कार्रवाई करते हुए ओरमांझी में तीन गाड़ियों में लोड 50 किलो गांजा बरामद किया। इसके साथ ही कार में सवार लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने सारा समान जब्त कर आरोपियों को अपने हिरासत में ले लिया है।

हाल के दिनों में हुई कार्रवाई
28 नवंबर 2020 को सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के चुन्ना भट्ठा के कैलाश नगर से भारी मात्रा में नशीला पदार्थ जब्त किया गया था। इस दौरान पुलिस ने नशा कारोबार में संलिप्त महिला रितिका को भी गिरफ्तार किया। महिला के पास से पुलिस ने 14 शीशी कोरेक्स, 120 पीस नशीले टेबलेट, छह इंजेक्शन बरामद किया था।

12 नवंबर 2020 को सुखदेव नगर थाना क्षेत्र से दो गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया गया था। इनके नाम गोलू और अजीत ठाकुर हैं।