बेटे की शादी से पहले मंत्री सत्यानंद भोक्ता का समाज ने किया बहिष्कार..

झारखंड सरकार के श्रम मंत्री और राजद के एक मात्र विधायक सत्यानंद भोक्ता को समाज से बाहर कर दिया गया है। खरवार भोक्ता समाज ने निंदा प्रस्ताव पास करते हुए मंत्री एवं मंत्री के पूरे परिवार को समाज की ओर से सामाजिक बहिष्कार का ऐलान किया है। मंत्री सत्यानंद भोक्ता पर अपने बेटे का विवाह गैर समाज की लड़की से कराने का आरोप लगाते हुए खरवार भोक्ता समाज ने यह फैसला लिया। खरवार भोक्ता समाज विकास संघ ने आदेश दिया है कि उनके घर परिवार से ताल्लुकात नहीं रखा जाएगा। मंत्री के घर मरनी, जीनी, शादी विवाह सहित हर समाजिक कार्यों से समाज दूर रहेगा। मंत्री सत्यानंद भोक्ता से समाज बेटी- रोटी का कोई संबंध नहीं रखेगा। इस फैसले में यह भी कहा गया है कि मंत्री के घर आयोजित समाज के लोग अगर शिरकत करेंगे तो उनका भी सामाजिक बहिष्कार किया जाएगा। चतरा जिला समिति द्वारा की गई कार्रवाई समाज हित में उचित है। केंद्रीय समिति द्वारा इस कार्रवाई का समर्थन करते हुए समाज के लोगों को इस निर्णय का पालन करने का निर्देश दिया जाता है।

कौन – कौन थे बैठक में शामिल
बैठक की अध्यक्षता खरवार भोक्ता समाज विकास संघ के जिला अध्यक्ष जगदीश सिंह भोक्ता ने की। जबकि बैठक का संचालन जिला उपाध्यक्ष कामेश्वर भोक्ता ने की। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में खरवार भोक्ता समाज विकास संघ के केंद्रीय अध्यक्ष दर्शन गंझू और विशिष्ट अतिथि के रूप में केंद्रीय उपाध्यक्ष रामदेव सिंह भोक्ता, केंद्रीय सदस्य नरेश गंझू उपस्थित रहे। खरवार भोक्ता विकास संघ के जिलाध्यक्ष जगदीश सिंह भोक्ता ने इश पूरे मामले पर पत्रकारों से बात करते हुए कहा, समाज मंत्री पद का नहीं कृत्य का विरोध कर रहा है। अगर समाज के सभी लोग इसी तरह दूसरे समाज में शादी कर लेंगे तो हमारा समाज ही नष्ट हो जायेगा।

क्या बोले मंत्री जी
इस मामले पर जब मंत्री जी से सवाल किया गया तो उन्होंने कहा, झारखंड में भोक्ता की पहचान सत्यानंद भोक्ता से है। मेरा समाज मुझसे पहचान रखता है। मैं खुद भोक्ता समाज का केंद्रीय अध्यक्ष हूं। भोक्ता समाज के प्रदेश अध्यक्ष साहेब राम भोक्ता हैं। जबकि जिलाध्यक्ष सरोज भोक्ता हैं। ऐसा कौन सा संगठन है जिसने विरोध किया है उसकी पहचान क्या है मैं नहीं जानता। मेरे बेटे की शादी में समाज के सभी लोग शामिल हो रहे हैं।

कब है शादी
सत्यानंद भोक्ता के तीसरे बेटे की शादी हो रही है। बेटे का नाम मुकेश भोक्ता है। उनके बेटे की शादी प्रकाश बैठा की पुत्री रश्मि कुमारी से हो रही है। सात दिसंबर को मंत्री सत्यानंद भोक्ता के पैतृक आवास कारी गांव में घृतढ़ारी एवं प्रीतिभोज। आठ दिसंबर को कारी गांव से गिरिडीह के लिए बरात निकलेगी. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शादी समारोह में शामिल होंगे।