आगामी बिहार विधानसभा चुनाव में उतरी सरयू राय की पार्टी, ब्रह्मपुर सीट पर प्रत्याशी की घोषणा..

आगामी बिहार विधानसभा चुनाव में सरयू राय की राजनीतिक पार्टी भारतीय जनता मोर्चा (भाजमो) अपने प्रत्याशी उतारेगी। पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष धर्मेंद्र तिवारी ने जानकारी देते हुए कहा कि उनकी पार्टी ने बिहार विधानसभा चुनाव में उम्मीदवार उतारने का फैसला लिया है। इसमें बतौर पहले प्रत्याशी ब्रह्मपुर विधानसभा क्षेत्र से रमेश कुमार के नाम की घोषणा की गई।

धर्मेंद्र तिवारी ने शुक्रवार को जमशेदपुर के साकची स्थित पार्टी कार्यालय में प्रेसवार्ता को संबोधित किया। इस दौरान ब्रह्मपुर विधानसभा के प्रत्याशी रमेश कुमार के नाम की घोषणा कर उन्हें शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। तिवारी ने कहा कि बिहार चुनाव हेतु जहां भी अच्छे उम्मीदवार मिलेंगे, उस विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी उतारा जाएगा। पार्टी का लक्ष्य शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण को बढ़ावा और बेरोजगारी को दूर करना है। वर्तमान स्थिति में सरयू राय जैसे व्यक्तित्व से प्रभावित होकर पार्टी में सैकड़ों युवा और महिलाएं जुड़ रही हैं, ये समाज और देश के लिए शुभ संकेत है।

श्री तिवारी ने कहा कि बिहार के युवाओं और किसानों के लिए भाजमोअपनी नई सोच-नई दिशा के साथ हर वर्ग एवं समाज के लोगों को जोड़ते हुए काम करेगी। उन्होंने कहा कि झारखंड में दिन पर दिन बिजली एवं स्वास्थ्य व्यवस्था चौपट होती जा रही है,लोग इससे बुरी तरह त्रस्त हैं। कोरोना काल में विद्यार्थियोंको घर से ऑनलाइन पढ़ाई करनी है, लोग को वर्क फ्रॉम होम कर रहे हैं। लेकिन बिजली की लचर व्यवस्था से सभी को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। दूसरी तरफ प्रदेश में स्वास्थ्य व्यवस्था की स्थिति भी काफी दयनीय हो गई है।

ज्ञात हो कि वर्ष 2019 के झारखंड विधानसभा चुनाव के दौरानसरयू राय भाजपा से अलग हो गए थे| उन्होंने तत्कालीन मुख्यमंत्री व भाजपा प्रत्याशी रघुवर दास के खिलाफ चुनाव जीतकर 20 जनवरी 2020 को अलग संगठन बना लिया। सरयू राय ने पहले इस संगठन का नाम भारतीय जनमोर्चा रखा था लेकिन चुनाव आयोग में रजिस्ट्रेशन नहीं मिलने पर इसका नाम बदलकर भारतीय जनता मोर्चा किया गया।