पलामू : RJD नेता तेजस्वी यादव का केंद्र पर हमला, ‘महंगाई अब भाजपा की महबूबा हो गयी है’..

पलामू : बिहार विधान सभा में प्रतिपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने कहा है कि झारखंड में गठबंधन की सरकार बेहतर ढंग से कार्य कर रही है। कहा कि जब से झारखंड में हेमंत सोरेन के नेतृत्व में सत्ता में आई हैं तब से केन्द्र सरकार ने विकास के मद में पूर्व की भांति एक पैसा नहीं दिया है जो मोदी सरकार के पक्षपाती रवैये को जाहिर करता है। तेजस्वी ने कहा कि झारखंड बिहार का छोटा भाई है और उसके साथ कोई भी सौतेला व्यवहार करेगा तो उसका हम प्रतिकार करेंगे। उन्होंने कहा की पेट्रोल डीजल के दाम आसमान छू रहे है, किसी जमाने मे भाजपा ये गाती थी कि महंगाई डायन खाए जात है, आज भाजपा को महंगाई महबूबा नजर आती है। तेजस्वी रविवार को पलामू जिला के छतरपुर अनुमंडल मुख्यालय में राजद की ‘तेजस्वी आप के द्वार सह सदस्यता अभियान सह सभा’ को संबोधित कर रहे थे। उन्‍होंने कहा कि राजद गरीब-गुरबों की पार्टी है। गरीबों का हक-अधिकार दिलाने के लिए राजद कृतसंकल्पित है।

उन्होंने कहा कि राजद को लेकर झारखंड के मंत्री रामेश्वर उरांव की ओर से दिए गए बयान को तोड़ मरोड़ कर मीडिया में पेश किया गया। वैसे राजद ने स्पष्ट हिदायत दी है कि राज्य सरकार के मंत्री गठबंधन धर्म का पालन करें। उन्होंने कहा कि राजद पलामू प्रमंडल समेत पूरे झारखंड में संगठन को सशक्त बनाएगा। पलामू प्रमंडल समेत अन्य जिलों में हिंदी और भोजपुरी भाषा को यहां की नियुक्ति परीक्षा में शामिल कराने के लिए राजद सरकार पर दबाव डाल रहा है। जल्द ही इसके बेहतर परिणाम सामने आएंगे।