रांची में RJD का कार्यकर्ता सम्मेलन, संगठन मजबूती पर तेजस्वी यादव का जोर..

झारखण्ड में आरजेडी को मजबूत करने के मकसद से कार्यकर्ता सम्मलेन का आयोजन किया गया। पार्टी नेता तेजस्वी यादव खुद कार्यकर्ता सम्मलेन को सम्बोधित करने पहुंचे। तेजस्वी यादव के साथ झारखण्ड बिहार के कई बड़े आरजेडी नेता भी शामिल रहे। तेजस्वी के अलावा मंत्री सत्यानंद भोक्ता, सुभाष यादव, संजय सिंह यादव, राधाकृष्ण किशोर मंच पर नजर आए। इस मौके पर तेजस्वी यादव ने कहा कि भाजपा वाले पहले गाते थे महंगाई डायन है, अब उनके लिए महंगाई भौजाई और महबूब हो गई।

तेजस्वी यादव ने कार्यकर्ताओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि राज्य में पार्टी को बूथ लेवल पर मजबूत करने की जरूरत है। इसके लिए कार्यकर्ता और नेता जुट जाएं। राजद के पुराने गढ़ों में पार्टी को मजबूत किया जाएगा। साथ ही खून और पसीने से सींचने वालों को पार्टी में जगह मिलेगी। पार्टी में अब गणेश परिक्रमा करने वालों को नहीं, बल्कि जनता की परिक्रमा करने वालों को आगे बढ़ाया जाएगा।

तेजस्वी यादव ने कहा कि राज्य में पार्टी किंगमेकर का रुतबा खोया है, लेकिन हमें उदास होने की जरूरत नहीं है, बल्कि काम करने की जरूरत है। देश को झारखंड सींचने का काम करता है, लेकिन केंद्र राज्य से सौतेला व्यवहार कर रहा है। झारखण्ड को उसका सम्मान नहीं मिल रहा है। देश में सार्वजनिक संस्थाओं को बेचा जा रहा है।

झारखण्ड विधानसभा में नमाजकक्ष के मुद्दे पर तेजस्वी यादव ने कहा कि देश के मुद्दों की बजाए बीजेपी भाई से भाई को लड़ाने का काम करती है। राजद खास लोगों की पार्टी नहीं, बल्कि एटूजेड लोगों की पार्टी है। झारखण्ड की संस्कृति हमारी भी संस्कृति है। इसे बचाने की जिम्मेवारी हमारी है। राजद मजबूत होगा, तो महागठबंधन मजबूत होगा।