रांची : अलर्ट मोड में पुलिस, जवानों ने किया मॉक ड्रिल, पूरे शहर में पुलिस-रैफ की तैनाती..

रांची में जुमे से पहले एक बार फिर सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं। भाजपा की पूर्व प्रवक्ता नुपुर शर्मा की ओर से पैगंबर मोहम्मद साहब को लेकर की गई टिप्पणी के विरोध में 10 जून को शहर में भारी हिंसा को देखते हुए पुलिस और रैपिड एक्शन फोर्स को सतर्क किया गया है। गुरुवार को मेन रोड पर गश्ती के साथ आरएफ ने हाथ में बैनर लेकर चेतावनी दी। रांची में जुमे की नजाम के बाद हुए उपद्रव के मद्देनजर सुरक्षा बलों ने पिछले सात दिनों से रांची की सुरक्षा व्यवस्था को संभाल रखा है। इसे लेकर गुरुवार को रेपिड एक्शन फोर्स के जवानों ने मजमा लगाने वालों के खिलाफ चेतावनी भरा बैनर दिखाकर भीड़ जमा नहीं करने के लिए आगाह किया। मेन रोड में दोपहर में रैफ के जवानों ने मॉक ड्रिल करके उपद्रव की मंशा रखने को स्पष्ट चेतावनी दी कि मजमा लगाया तो यह कानून के खिलाफ होगा। ऐसा करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।

बैनर पर लिखा है, ”चेतावनी, आपका मजमा खिलाफ कानून करार दिया गया है, आपको हुक्म दिया जाता है कि आप यहां से जल्द से जल्द चले जाएं वरना आप पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।” बता दें कि 10 जून को रांची में हजारों की संख्या में उपद्रवियों ने हिंसा की थी। इसमें दुकानों, धार्मिक स्थलों, वाहनों, पुलिस के जवानों-अधिकारियों के अलावा पत्रकारों को अपना निशाना बनाया था। इसमें दो लड़कों की गोली लगने से मौत भी हो गई थी।