राजधानी रांची में 4 कश्मीरी युवकों को स्थानीय लोगों ने जमकर पीटा, आरोपित गिरफ्तार..

रांची: डोरंडा थाना क्षेत्र के हाथीखाना पत्थर रोड में गुरुवार को एक बदमाश ने हथियार के बल पर चार कश्मीरी युवकों के साथ मारपीट की। युवकों को जबरन कुछ नारे दोहराने को कहा। करीब 10 मिनट तक युवकों को रोके रखा। सरे राह इस प्रकार की घटना को देखकर काफी राहगीर जुट गए। बाद में स्थानीय लोगों ने बीच बचाव कर मामला शांत कराया। पीड़ित युवक बिलाल अहमद, सब्बीर अहमद, वसीम अहमद व एक अन्य मूल रूप से कश्मीर के रहने वाले हैं। जाड़े के दिनों में कश्मीर से ऊन लाकर रांची में बेचते हैं।

वहीं आरोपित का नाम राजकिशोर है और वह पत्थर टोली का रहने वाला है। वह प्राइवेट नौकरी करता है। नशेड़ी टाइप का है। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पीड़ितों के बयान पर डोरंडा थाना में आरोपित के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की छानबीन की जा रही है। डोरंडा थाना प्रभारी रमेश सिंह ने बताया कि पीड़ितों ने राज किशोर नामक व्यक्ति के खिलाफ मारपीट करने और नारे लगाने को मजबूर करने की शिकायत की है। हालांकि, थाना प्रभारी ने हथियार के बल पर मारपीट की घटना से इन्कार किया है।

पीड़ित युवकों ने पुलिस से कहा, एक सप्ताह से बदमाश कर रहा परेशान..
डोरंडा में किराये के मकान में रहने वाले कश्मीरी युवकों ने पुलिस से अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए कहा कि वे लोग पिछले 20 सालों से रांची एवं आसपास के इलाके में फेरी लगाकर ऊन बेचते हैं। लेकिन कभी ऐसी परेशानी नहीं आई। पिछले एक सप्ताह से आरोपित उसे परेशान कर रहा है। जहां देखता है राह रोककर बदतमीजी करता है। जहां मिलता है मारपीट करता है। बिलाल अहमद ने आरोप लगाया कि बदमाश उसे रांची छोड़ देने की धमकी देता है। कहता है रांची छोड़ दो, नहीं तो अंजाम बुरा होगा। पीड़ितों ने शिकायत की कि बदमाश हथियार दिखाकर डरता-धमकाता है।

थाना प्रभारी ने कहा, नशेड़ी है युवक..
डोरंडा थाना प्रभारी रमेश सिंह ने कहा कि घटना स्थल पहुंचकर छानबीन की गई है। पूछताछ में पता चला कि बदमाश नशेड़ी है। नशे की हालत में घटना को अंजाम दिया है। आरोपित राजकिशोर को गिरफ्तार कर पुलिस पूछताछ कर रही है।