रांची : अगर आपके इलाके में भी फैला है कूड़ा तो डायल करें 0651-2200011

स्वच्छता सर्वेक्षण में रांची को बेहतर स्थान दिलाने की दिशा में नगर निगम की ओर से विशेष पहल की गई है। ‘ रमणीक रांची’ अभियान के तहत आगामी 8 से 15 जनवरी तक निगम एक विशेष अभियान चला रहा है

इस अभियान के तहत अगर आपको अपने वार्ड में किसी भी स्थान पर कूड़ा दिखता है, तो आप 0651-2200011 पर फोन कर इसकी जानकारी दे सकते हैं। नगर निगम की टीम तत्काल ही उस क्षेत्र की सफाई करेगी। ये अभियान निगम के सभी 53 वार्डों में चलाया जा रहा है। अभियान के तहत निजी भूमि से भी कचरे का उठाव किया जायेगा।

निगम के कई अधिकारियों को इसके लिए सफाई कार्यों के पर्यवेक्षण का काम सौंपा गया है। व्यापक प्रचार प्रसार के जरिए इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया है रहा है। निगम के सोशल मीडिया अकाउंट जैसे कि ट्विटर, फेसबुक, इंस्टाग्राम व अन्य साइट पर अभियान से जुड़ी गतिविधियों को हर दिन अपलोड किया जायेगा।

नगर आयुक्त मुकेश कुमार ने उक्त अभियान को लेकर जानकारी देते हुए कहा कि राजधानी रांची में कई ऐसे इलाके हैं जहां लंबे समय से अधिकृत रूप से कचरा फेंका गया है।

हालांकि शहर की सफाई नियमित तौर पर तो होती ही है, लेकिन ऐसी जगहों पर जमा कचरे की भी जिम्मेदारी निगम अपने ऊपर लेता है। नगर आयुक्त ने कहा कि इसके लिए ऐसे सभी जगहों को चिन्हित किये जाने की जरूरत है।इसलिए अब इन स्थानों में विशेष अभियान चला कर वहां सफाई की जा रही है। नगर आयुक्त मुकेश कुमार ने कहा कि शहरवासी अगर साथ देते हैं, तो इसे आगे भी जारी रखा जायेगा। इससे स्वच्छता सर्वेक्षण में भी मदद मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *