झारखंड में 3 अक्टूबर तक बारिश के आसार, रांची में 2 दिन में 4 डिग्री सेल्सियस गिरा पारा..

बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के असर से झारखंड में गुरुवार को राज्य के सभी 24 जिलों में बारिश हो रही है। दरअसल बुधवार से ही राज्य के अलग-अलग हिस्सों में बारिश शुरू हो गई थी। निम्न दबाव प. बंगाल से धनबाद होते हुए गुजरा है। गुरुवार को इसका असर पूरे राज्य में दिखने को मिला। भारतीय माैसम विज्ञान केंद्र रांची के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि 30 सितंबर से 3 अक्टूबर तक बारिश के आसार हैं। वहीं, पश्चिम बंगाल से सटे झारखंड के इलाके देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ व साहिबगंज समेत पूर्वी-पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा व सरायकेला-खरसावां के अलावा राज्य के पश्चिमी हिस्से पलामू, चतरा, गढ़वा, कोडरमा, लातेहार व लोहरदगा में कुछ जगहों पर भारी बारिश की संभावना है।

बुधवार को धनबाद में सबसे अधिक 70 मिमी बारिश हुई। वहीं रांची में 7 और जमशेदपुर में 9 मिमी बारिश दर्ज की गई। रांची में लगातार बारिश से तापमान में गिरावट का दौर जारी है। बारिश के कारण रांची के उच्चतम पारे में तेजी से गिरावट दर्ज की गई है। सोमवार को रांची का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस था जो जो अब घटकर में 26.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है।