लोहरदगा में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान IED ब्लास्ट में एक जवान की मौत..

लोहरदगा में नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान आईईडी ब्लास्ट में एक जवान शहीद हो गया। शहीद जवान के पोस्टमार्टम के लिए उनके पार्थिव शरीर को रिम्स ले जाया गया है। इसके बाद उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर उनका पार्थिव शरीर गुमला जिला स्थित उनके पैतृक गांव भेजा जाएगा।

जानकारी के मुताबिक ब्लास्ट में गंभीर रूप से घायल होने के बाद जवान को भारतीय वायु सेना के हेलीकॉप्टर की मदद से इलाज के लिए रांची लाया गया था। लेकिन यहां मेडिका अस्पताल में इलाज से पहले ही उनकी मौत हो गई। दरअसल लोहरदगा के सेरेंदाग थाना क्षेत्र के जंगल में मंगलवार को नक्सल विरोधी अभियान चलाया गया। इस दौरान आईईडी विस्फोट की चपेट में आकर सैट 3 के जवान दुलेश्वर परास घायल हो गए। इसके बाद उन्हें गंभीर अवस्था में हेलीकॉप्टर से रांची लाया गया। यहां चिकित्सकों ने जांच कर उन्हें मृत घोषित कर दिया।

माना जाए तो लोहरदगा जिले में हुई इस घटना के जरिए नक्सलियों ने पुलिस के सर्च अभियान के दौरान उन्हें झटका देने की कोशिश की है। बताया जा रहा है कि सीआरपीएफ 158 बटालियन के जवान और जिला पुलिस बल संयुक्त ऑपरेशन के तहत नक्सल विरोधी अभियान में निकले हुए थे। इस अभियान में सेरेंगदाग थाना के सैट के जवान भी शामिल थे। कार्रवाई के तहत जवान जैसे ही दुंदरु जंगल के समीप पहुंचे, दुलेश्वर परास का पैर आईईडी के ऊपर पड़ गया जिसकी वजह से ब्लास्ट हो गया। इस घटना में जवान का एक पैर बुरी तरह से जख्मी हो गया था।