झारखंड में ओमिक्रॉन की इंट्री, एक साथ 14 मामले आए सामने..

झारखंड में 22 दिसंबर से कोरोना मरीजों में हो रही लगातार वृद्धि का कारण ओमीक्रोन है। इसकी पुष्टि आईएलएस, भुवनेश्वर से आई रिपोर्ट से हुआ है। स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अरुण कुमार सिंह के अनुसार भुवनेश्वर से आई 87 सैंपलों की जीनोम सिक्वेंसिग रिपोर्ट में 14 सैंपल में ओमीक्रोन की पुष्टि हुई है। जबकि, एक में डेल्टा एवं 32 सैंपल में डेल्टा के म्युटेंट मिले हैं। बता दें कि रिम्स के माइक्रोबायोलॉजी विभाग से एक जनवरी को ये सभी सैंपल जीनोम सिक्वेंसिंग के लिए भेजे गए थे। सभी सैंपल रांची के रिम्स में ही लिए गए थे। ये सैंपल 13 दिसंबर से 31 दिसंबर के बीच के हैं। 12 दिसंबर तक के सैंपलों मेंओमीक्रान की पुष्टि नहीं हुई थी। उसमें तीन में डेल्टा वैरिएंट पाए गए थे। वहीं कोडरमा, पूर्वी सिंहभूम, हजारीबाग व अन्य जिलों से भेजे गए सैंपलों की जांच रिपोर्ट नहीं आई है।

560 गुना बढ़ी पॉजिटिविटी..
संक्रमण में आई अचानक बढ़ोतरी की वजह से राज्य में बीते 13 दिसंबर से 14 जनवरी के बीच 49840 मरीज मिले हैं। यही नहीं, बीते एक माह में राज्य में संक्रमण की रफ्तार में 560 गुणा बढ़ोतरी दर्ज की गयी है। 3 दिसंबर को राज्य की पॉजिटिविटी रेट महज 0.01 प्रतिशत थी, जो शुक्रवार को 5.60 हो गयी है।

274 गुना हो गए एक्टिव मरीज..
राज्य में 14 जनवरी तक बेशक ओमीक्रोन की पुष्टि नहीं हुई थी, लेकिन विशेषज्ञ संक्रमण की रफ्तार में आई तेजी को ओमीक्रोन का असर ही बता रहे थे। यही वजह है कि बीते एक माह में (13 दिसंबर से 14 जनवरी) एक्टिव मरीजों की संख्या में रांची में जहां 167 गुणा, वहीं राज्य में 274 गुणा बढ़ोतरी हुई है। 13 दिसंबर को रांची में महज 75 एक्टिव मरीज थे, जो 14 जनवरी को बढ़कर 12500 पहुंच चुके हैं। वहीं राज्य में यह संख्या क्रमश: 121 से बढ़कर 33189 पहुंच चुकी है।

3258 नए कोरोना केस मिले..
राज्य में शनिवार को मिले 3258 नए मरीजों के साथ ही राज्य में अब तक मिले कोरोना मरीजों की संख्या 04 लाख के आंकड़े को पार कर 4,02,533 पहुंच गयी है। यही नहीं, तीसरी लहर में पहली बार शनिवार को स्वस्थ हुए मरीजों की संख्या नए मिले मरीजों से ज्यादा है। देखें साथ ही तीसरी लहर में पहली बार एक्टिव मरीजों की संख्या भी कम हुई है। शनिवार को राज्य में 3258 नए मरीज मिले हैं, जबकि, 3351 पुराने मरीज स्वस्थ हुए हैं। वहीं, शुक्रवार को राज्य में एक्टिव मरीज 33189 थे जो शनिवार को 33089 हो गयी है। राज्य में लगातार चौथे दिन मरीजों की संख्या में कमी आई है। हालांकि शुक्रवार (5.60) की तुलना में शनिवार को (5.71)राज्य की पॉजिटिविटी रेट में 0.11 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी हुई है। शनिवार को राज्य के छह जिलों में सात मरीजों की मौत हो गयी। जिसमें पूर्वी सिंहभूम में 2 जबकि, बोकारो, धनबाद, हजारीबाग, रामगढ़ व रांची में 1-1 मरीज की मौत हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *