रांची आगमन पर केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने दिखाया काला झंडा..

मोदी सरकार के केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता धर्मेंद्र प्रधान शनिवार को रांची पहुंचे| रांची पहुंचने पर उन्हें विरोध का सामना करना पड़ा। झारखंड कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने धर्मेंद्र प्रधान को काला झंडा दिखाया और जमकर नारेबाजी की। दरअसल, केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान रांची में होने वाले अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के प्रांतीय अधिवेशन में हिस्सा लेने पहुंचे हैं। एयरपोर्ट से जब उनका काफिला राजभवन की ओर निकला तो हिनू चौक के पास कांग्रेसियों ने विरोध जताने के लिए काले झंडे दिखाए| प्रदर्शन के दौरान यूथ कांग्रेस और महिला कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने काफिले को हिनू चौक के पास काला झंडा दिखाकर विरोध किया।

वहीं, पुलिस ने विरोध कर रहे लोगों से काला झंडा और सिलेंडर जब्त किया। मौके पर बीजेपी के कार्यकर्ता भी पहुंचे। दोनों गुटों के बीच नोकझोंक हुई। कड़ी सुरक्षा के बीच केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के काफिले को राजभवन पहुंचाया गया।

युवा कांग्रेस व महिला कांग्रेस के करीब 8 से 10 कार्यकर्ताओं ने उनका काफिला रोकने और नारेबाजी करने की कोशिश की थी| हालांकि उन्हें सफलता नहीं मिली क्योंकि भाजपा की ओर से लगभग 500 की संख्या में नेता व कार्यकर्ता पहले से ही एयरपोर्ट पर मौजूद थे। केंद्रीय मंत्री का काफिला बिना कहीं रुके एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थल के लिए रवाना हो गया।