राजधानी में कार नहीं, साइकिल बनेगी शान की सवारी, 13 मार्च से शनिवार को ‘नो कार’..

रांची की सड़कों पर अब आपको हर शनिवार को कार की जगह साइकिल देखने को मिलेंगी| जी हां, नगर आयुक्त मुकेश कुमार की पहल पर 13 मार्च से अब हर शनिवार नो कार की नीति चलेगी| आने वाले शनिवार यानी कि 13 मार्च को रांची के मोरहाबादी मैदान में इसकी शुरूआत की जाएगी|

इसे लेकर वृहद तौर पर तैयारी की जा रही है| लोगों को इस मुहिम से जोड़ने के लिए सोशल मीडिया पर भी #ShanivarNoCar के साथ ज्यादा से ज्यादा पोस्टर्स और संदेश साझा किये जा रहे हैं| रांची के लोग और कई संगठन भी ना सिर्फ इस मुहिम की तारीफ कर रहे हैं बल्कि इस संदेश को आगे और लोगों तक पहुंचाने का काम भी कर रहे हैं|

इस पहल के पीछे दो अहम वजह है और दोनों ही हर रांचीवासी के लिहाज़ से खास भी है| दरअसल, इन दिनों रांची में प्रदूषण का स्तर काफी बढ़ चुका है| और इसकी सबसे बड़ी वजह है कि रांची के लोग पब्लिक ट्रांसपोर्ट की जगह खुद की कार या दोपहिया वाहन का इस्तेमाल कर रहे हैं| एक रिपोर्ट के मुताबिक पिछले 20 सालों में यहां कारों की संख्या 2 लाख के पार पहुंच चुकी है| जनवरी 2001 से जनवरी 2021 तक में निबंधित कारों की संख्या 2,06,766 हो चुकी है|इसकी वजह से रांची की हवा में भी बदलाव आया है| बात करें मौजूदा हालात की तो रांची में प्रदूषण का स्तर 102 माइक्रो ग्राम प्रति मिलीमीटर हो गया है, जबकि ये 70 माइक्रो ग्राम प्रति मिलीमीटर से ज्यादा नहीं होना चाहिए| इसका सीधा-सीधा असर रांची के लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ेगा क्योंकि इससे सांस संबंधित रोग बढ़ने का खतरा भी बना रहेगा|

वहीं दूसरी तरफ, साइकिल चलाना एक तरह का व्ययाम होता है| इससे सेहत भी बनी रहती है| इससे पूरे शरीर में उर्जा और स्फूर्ति बनी रहती है|

इन्हीं बातों को ध्यान में रखते हुए कुछ समय पूर्व साइकिलिंग को प्रोत्साहित करने को लेकर हुई एक बैठक में नगर आयुक्त मुकेश कुमार ने ‘शनिवार नो कार’ का ऐलान किया था| इसके लिए राजधानी की सड़कों को साइकिल फ्रेंडली बनाने के साथ-साथ, साइकिल के लिए फ्री पार्किंग तक की सुविधा दी जा रही है ताकि लोग ज्यादा से ज्यादा साइकिल को सवारी के तौर पर अपनाएं|तो इस शनिवार से कार नहीं, साइकिल बनेगी शान की सवारी|