Headlines

नितिन गडकरी का झारखंड दौरा 23 मार्च को, कई सड़कों का देंगे तोहफा..

रांची : केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी 23 मार्च को झारखंड का दौरा करेंगे। इस दौरे में 5000 करोड़ की सड़क परियोजनाओं की शुरुवात करेंगे। ज्ञात जानकारी के मुताबिक नितिन गडकरी रांची-जमशेदपुर के बीच 4,468 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली सड़क के अलावा कई अन्य सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास कर उद्घाटन करेंगे। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के झारखंड कार्यालय की ओर से परियोजनाओं की सारी जानकारी तैयार कर सूची बना ली गई है। झारखंड एनएच विंग ने अलग से भी सड़क परियोजनाओं की सूची जारी की है। जिसका उद्घाटन और शिलान्यास केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी करेंगे।

रांची- बोकारो के बीच सड़क परियोजना..
रिपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार केंद्रीय मंत्री रांची- बोकारो के बीच 2,222 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली 60 किमी लंबे एक्सप्रेस-वे परियोजना का शिलान्यास करेंगे। राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-33 पर जमशेदपुर-महुलिया सेक्शन का उद्घाटन भी करेंगे। दौरे की सूचना मिलते ही झारखंड में केंद्रीय मंत्री के दौरे की तैयारी शुरू कर दी गई है। बताया जा रहा है कई सांसदों और विधायको को कार्यक्रम में आमंत्रित किया जायेगा।

इसके साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-33 में एलिवेटेड कॉरिडोर से काली मंदिर ,चौक-बालगुमा, जमशेदपुर के बीच 10.04 किमी लंबी सड़क का, जिसमें 1,876 करोड़ रुपये की लागत का अनुमान लगाया जा रहा है। इसकी नींव रखने का भी कार्यक्रम निर्धारित है। जमशेदपुर-महुलिया सेक्शन एनएच 33 में चार-छह लेन वाली 44.219 किमी सड़क का 465.23 करोड़ रुपये की लागत से निर्माण किया जाएगा इसका भी शिलान्यास केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी करेंगे।