नीरज सिन्हा बनाए गये झारखंड के नए डीजीपी..

झारखंड के पुलिस प्रशासन में एक बड़े फेरबदल की खबर आ रही है| यहां नीरज सिन्हा को प्रदेश का नया डीजीपी बनाया गया है| नीरज सिन्हा वर्तमान डीजीपी का पदभार बतौर प्रभारी संभाल रहे एमवी राव की जगह लेंगे| सरकार की ओऱ से गुरुवार की देर शाम इससे संबंधित अधिसूचना जारी कर दी गई है|

गौरतलब है कि झारखंड डीजीपी का पद 16 मार्च 2020 से प्रभार में चल रहा था| जिसके बाद से एमवी राव प्रभारी डीजीपी के तौर पर जिम्मेदारी निभा रहे थे| एमवी राव आकसर अपराधियों के खिलाफ अपने तल्ख बयानों की वजह से सुर्खियों में रहते थे| चाहे वो पुलिसकर्मियों को सिंघम बनने की सलाह हो या हाल ही में धमकी देने वाले अपराधियों को खुली चुनौती देने की बात हो, एमवी राव अपराध के खिलाफ अपने सख्त रवैये के लिए जाने जाते हैं|

वहीं बात करें नीरज सिन्हा की तो वो 1987 बैच के आइपीएस अधिकारी हैं | इससे पहले वो एंटी करप्शन ब्यूरो के महानिदेशक के तौर पर कार्यरत थे|

आपको बता दें कि नीरज सिन्हा पूर्व में भी प्रभारी डीजीपी रह चुके हैं| जब कमल नयन चौबे को राज्य का डीजीपी बनाया गया था तब उनके योगदान देने के पूर्व तक के लिए तत्कालीन जैप और एसीबी के महानिदेशक नीरज सिन्हा को पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) का अतिरिक्त प्रभार दिया गया था|