रांची की नजिया बनी केबीसी के इस सीजन में 1 करोड़ जीतने वाली पहली महिला..

रांची की नाजिया नसीम कौन बनेगा करोड़पति के इस सीजन में एक करोड़ जीतने वाली पहली महिला बन गई हैं। इस एपिसोड का प्रसारण सोनी टीवी पर 11 नवंबर को किया जाएगा। बता दें कि नाजिया रांची के डोरंडा क्षेत्र की मूल निवासी हैं, हालांकि फिलहाल वो दिल्ली में अपने पति और बच्चे के साथ रहती हैं।

नाजिया ने रांची के श्यामली स्कूल में प्राइमरी और प्लस टू करने के बाद रांची के संत जेवियर कॉलेज से ग्रेजुएशन किया। इसके बाद उन्होंने इंस्टिट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से पीजी डिप्लोमा मास कॉम का कोर्स कर बैंक ऑफ अमेरिका में जॉब किया। वर्तमान में नाजिया रॉयल इनफील्ड कंपनी में कम्युनिकेशन हेड हैं।

बेटी के एक करोड़ जीतने पर माता पिता और बहन फूले नहीं समा रहे। नाजिया के पिता मोहम्मद नसीमुद्दीन सेल के सेवानिवृत्त अधिकारी हैं, उनकी मां बुशरा नसीम घर के पास ही बुटीक चलाती हैं। नाजिया के पति शकील की दिल्ली में विज्ञापन की कंपनी है।

परिवार वालों को कहना है कि जब साल 2000 में कौन बनेगा करोड़पति शुरू हुआ था तभी से उनकी मां का ये सपना था कि नाजिया इसमें भाग ले। अब इस बेटी ने अपनी मां का सपना पूरा कर दिया। नाजिया के पिता और मां ने कहा कि झारखंड के लिए यह गौरव की बात है।

जानकारी के मुताबिक, नाजिया ने बेहतरीन ढंग से खेलते हुए 15 सवालों का जवाब देकर एक करोड़ जीता। शो के होस्ट अमिताभ बच्चन ने नाजिया की तारीफ भी की। सात करोड़ रुपए के लिए पूछे गए 16वें सवाल में नाजिया असमंजस में पर गईं जिसके बाद उन्होंने क्विट कर दिया। 11 नवंबर को ये एपिसोड दिखाया जाएगा।