महापर्व को लेकर नगर आयुक्त ने किया विभिन्न छठ घाटों का किया निरीक्षण, दिए कई निर्देश..

रांची: आज नगर आयुक्त मुकेश कुमार के द्वारा रांची नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत सभी डैम, तालाब, नदियों के तट पर अवस्थित छठ घाटों पर चल रही विशेष सफाई अभियान का निरीक्षण किया गया। इस क्रम में उनके द्वारा घाटों एवं उसके आस पास की साफ सफाई लाइटिंग व अन्य चीजों का भी निरीक्षण किया गया। नगर आयुक्त ने छठ घाटों में फैली गंदगी की सफाई, ग्रास कटिंग, इलेक्ट्रिसिटी कनेक्शन की व्यवस्था, तालाबों में खतरनाक स्थलों की पहचान ब्लीचिंग का छिड़काव (तालाब के चारों तरफ) एवं इसके साथ तालाबों के संपर्क पथों एवं उसके आसपास के क्षेत्रों की सफाई छठ महापर्व प्रारंभ होने के पहले सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने निगम में कार्यरत सभी नगर प्रबंधक, नगर अभियान प्रबंधक, सुपरवाइजर, जोनल सुपरवाइजर एवं MPS को यह निर्देश दिया गया है कि आगामी छट महापर्व को देखते हुए शहर के विभिन्न घाटों की समुचित साफ-सफाई इत्यादि के कार्य सुनिश्चित करेंगे।

बता दें वैसे व्रति जो छठ घाट जाने में असमर्थ है, उनके लिए नगर निगम की ओर से संबंधित वार्ड के माननीय वार्ड पार्षद की अनुशंसा पर जगह-जगह कृत्रिम तालाब का निर्माण किया जाएगा एवं छठ के दौरान इनमें टैंकरों से पानी भरा जाएगा।

नगर आयुक्त ने कहा कि छठ महापर्व को देखते हुए रांची नगर निगम द्वारा शहर के विभिन्न घाटों की साफ-सफाई और मरम्मत का कार्य किया जा रहा है। डैम और तालाबों में घास और जलकुम्भी निकालने का कार्य भी चल रहा है। छठ व्रतियों की सुरक्षा को देखते हुए गहरे तालाबों और जलाशयों में बैरिकेड किए जाएंगे, ताकि छठव्रती गहरे पानी तक न पहुंच सके और किसी भी तरह की अनहोनी नहीं हो। इसके अलावा घाटों के संपर्क पथों में भी साफ-सफाई से संबंधित कार्य भी तेजी से किए जा रहे हैं। इसके साथ ही यहां चेंजिंग रूम भी बनाए जा रहे है।

कोरोना के प्रकोप को देखते हुए नगर आयुक्त ने शहरवासियों से यह अपील की है कि छठ के दौरान एक ही स्थान पर ज्यादा भीड़-भाड़ न लगाएँ सामाजिक दूरी का पालन करें एवं मास्क का उपयोग करे। अगर संभव हो तो अपने घर के सामने ही जलकुड़ बनाकर भगवान भास्कर को अर्घ्य दें। मौके पर उप नगर आयुक्त श्री रजनीश कुमार, सहायक नगर आयुक्त श्रीमती शीतल कुमारी, नगर प्रबंधक, माननीय वार्ड पार्षद एवं अन्य उपस्थित थे।