फ्री फायर ऑनलाइन गेम से महाराष्ट्र की नाबालिग से की दोस्ती, बहला-फुसलाकर लाया झारखंड, 2 गिरफ्तार..

मुंबई पुलिस की टीम ने गिरिडीह में छापेमारी कर दो युवकों को गिरफ्तार किया है। इन दो युवकों पर महाराष्ट्र की एक लड़की का अपहरण कर झारखंड लाने का आरोप था। पुलिस को जांच में पता चला कि ऑनलाइन गेम Free Fire खेलने के दौरान नाबालिग लड़की को गिरिडीह के एक लड़के से प्यार हो गया। लड़की ने लड़के को मुंबई बुलाया और उसके साथ भागकर गिरिडीह आ गई। लड़की के परिवार वालों की शिकायत पर मुंबई पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ की। लड़की के फोन से झारखंड कनेक्शन का पता चला। इसके बाद मुंबई पुलिस की टीम झारखंड पहुंची। गिरिडीह जिले के अहिल्यापुर थाना पुलिस के सहयोग से छापेमारी कर दो युवकों के साथ लड़की को बरामद कर लिया।

गिरफ्तार किए गए युवकों की पहचान मुफ्फसिल थाना के उदनाबाद गांव निवासी लालू वर्मा और विकास तुरी के रूप में की गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी और नाबालिग की बरामदगी के बाद मामले की जानकारी CWC को दी गई। टीम ने थाने पहुंचकर नाबालिग को अपने कब्जे में लिया। नाबालिग से पूरे मामले की जानकारी लेने के बाद लडकी के माता-पिता को मुंबई से गिरिडीह बुलाया गया। बच्ची को उनके हवाले कर दिया गया।

ऐसे खुली पूरी कहानी..
लड़की ने अपने बयान में पूरे घटनाक्रम का सिलसिलेवार ब्यौरा दिया। बताया कि ऑनलाइन गेम खेलने के दौरान वह गिरिडीह के विकास तुरी के काफी करीब आ गई थी। विकास उसे गिरिडीह बुला रहा था। बातचीत के बाद तय हुआ कि वह उसे लेने मुंबई आएगा। विकास अपने दोस्त के साथ मुंबई पहुंचा और वह तीनों एक साथ गत 29 नवंबर को गिरिडीह आ गए।

लड़की ने दावा किया कि विकास ने गेम खेलने के लिए अपना फर्जी अकाउंट बनाया हुआ था। बेटी के गायब होने के बाद परिवार वालों ने मुंबई में शिकायत की। इसके आधार पर टीम इनकी तलाश में पहुंची। टीम ने 48 घंटे की मेहनत के बाद इन्हें बरामद किया। लड़की ने यह भी स्वीकार किया कि दोनों युवकों ने उसके साथ किसी तरह की जोर जबरदस्ती नहीं की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *