प्रियंका गांधी की गिरफ्तारी के खिलाफ रांची से कांग्रेस नेताओं का लखनऊ मार्च..

रांची: प्रियंका गांधी की गिरफ्तारी के विरोध पर पूरे देश में कांग्रेसी नेताओं में उबाल है। इसी कड़ी में झारखंड के कांग्रेसी नेता आज बुधवार को उत्तर प्रदेश के लखिमपुर खीरी के लिए कूच करेंगे। इसमें झारखंड सरकार के मंत्री बन्ना गुप्ता, बादल पत्रलेख के अलावा कांग्रेस के कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष, सभी कार्यकारी अध्यक्ष, प्रवक्ता तथा अन्य विरष्ठ नेता शामिल हैं। रांची मोराबादी में महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने से ये काफिला निकलेगा। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने बताया कि BJP सरकार की नीतियों का विरोध दर्ज कराने कांग्रेस का जत्था सड़क मार्ग से UP के लिए रवना होगा। ये जत्था झारखंड के लातेहार, पलामू गढ़वा होते हुए UP में प्रवेश करेगा। इसमें कांग्रेस के सभी कार्यकारी अध्यक्ष भी शामिल रहेंगे।

बता दें कि उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में रविवार को किसानों के प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा में 8 लोगों की मौत हो गई। इससे उत्तर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। कांग्रेस के नेता लखीमपुर खीरी हिंसा पर भाजपा और योगी आदित्यनाथ सरकार को पूरी तरह से घेरने के मूड में है। हिंसा के अलावा कांग्रेसियों में नाराजगी इस बात को लेकर भी है कि जब पीड़ित परिवार से कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी मिलने जा रही थी, तब न केवल कांग्रेस महासचिव के साथ धक्का-मुक्की की गई, बल्कि उन्हें गिरफ्तार किया गया।

दूसरी ओर, लखीमपुर जाने की अनुमति मिलने के बाद राहुल गांधी आज लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचे। वहां से फिर अपनी गाड़ी से ही लखीमपुर खीरी के लिए रवाना हुए। पूरे मामले में बीजेपी नेता का नाम आने और विपक्ष के हंगामे के बाद योगी सरकार बैकफुट पर आ गई है। यूपी सरकार ने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी को हिरासत से रिहा करने के साथ ही उन पर लगे सभी चार्ज हटा लिए हैं। प्रियंका गांधी समेत 5 नेताओं को लखीमपुर खीरी जाने की इजाजत योगी सरकार ने दी है।