जमशेदपुर : दलमा पहाड़ी में 14 लैंडमाइंस बरामद..

झारखंड में पुलिस को क्षति पहुंचाने की नक्सलियों की बडी साजिश नाकाम हो गयी है। पूर्वी सिंहभूम जिले के बोड़ाम थाना क्षेत्र की दलमा पहाड़ी के कोंकादोसा गांव की ओर जाने वाले रास्ते में जमशेदपुर पुलिस ने 14 लैंडमाइंस बरामद किए हैं। इनमें प्रत्येक का वजन पांच किलोग्राम है। पुलिस को उड़ाने के लिए नक्सलियों ने लैंडमाइंस बिछा रखा था जिसे पुलिस ने सर्च अभियान में बरामद किया। इसके बाद रांची से आई बम निरोधक दस्ता की टीम ने इसे निष्क्रिय किया।

जानकारी अनुसार पटमदा और बोड़ाम का इलाका दलमा पहाड़ी इलाके से सटता है। पूरा पहाड़ी इलाका बंगाल की सीमा क्षेत्र से सटता है। इस इलाके में वांटेड नक्सली रामदास मार्डी उर्फ सचिन और असीम मंडल उर्फ आकाश का दस्ता सक्रिय है। दोनों की संलिप्तता जमशेदपुर के झामुमो सांसद सुनील महतो की हत्या मामले में रही है। सीबीआइ को उसकी तलाश है। रामदास मार्डी पटमदा के झुझका का रहनेवाला है। उसे अब तक पुलिस और सीबीआइ पकड़ नहीं पाई। उसके स्वजनों पर उस पर आत्मसमर्पण करने का दबाव बनाया जाता रहा है, लेकिन सचिन ने आत्मसमर्पण नहीं किया।

एसएसपी डॉ एम तमिल वानन ने बताया कि शुक्रवार को पुलिस की ओर से नक्सल विरोधी अभियान चलाया जा रहा था। कच्चे रास्ते में तार बिछा हुआ देखा गया जिसकी गहनता से जांच की गई तो पाया गया कि बम इलाके में बिछाए गए हैं। उसके बाद रांची से आई बम निरोधक दस्ता की टीम ने निष्क्रिय किया। गौरतलब है कि लंबे समय बाद दलमा पहाड़ी इलाके में विस्फोटक बरामद किया गया है। इधर, लैंडमाइंस बरामदगी के बाद पुलिस का सर्च अभियान इलाके में जारी है। ग्रामीणों से जानकारी ली जा रही है। एसएसपी समेत कई पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसएसपी ने बताया कि लैंडमाइंस और सड़क पर बिछाए गए तार को देखकर लग रहा है कि पांच माह पहले इसे बिछाया गया था। पुलिस की कार्रवाई जारी है।