अमिताभ बच्‍चन के साथ आज हॉट सीट पर होंगे रांची के विनोद..

भारतीय वायुसेना के अवकाश प्राप्‍त अधिकारी रांची के विनोद कुमार आज कौन बनेगा करोड़पति में सदी के महानायक अमिताभ बच्‍चन के साथ हॉट सीट पर बैठेंगे। वे अमिताभ बच्चन के सवालों का जवाब देंगे। जानकारी के अनुसार, कडरू निवासी विनोद कुमार सदी के महानायक अमिताभ बच्चन के सवालों का जवाब देते हुए अब तक 12 लाख 50 हजार रुपये जीत चुके हैं। उन्होंने शो में कितनी राशि जीती है, यह चैनल की पॉलिसी के तहत गोपनीय रखा गया है। सोनी चैनल पर प्रसारित केबीसी के प्रोमो में भी विनोद कुमार दिखाये जा रहे हैं। शो में पत्नी अर्चना गुप्ता और बेटी के साथ विनोद कुमार ने हिस्सा लिया। उनकी पत्नी संत फ्रांसिस स्कूल में शिक्षिका हैं और बेटी यूएस लीगल फॉर्म में कार्यरत है। उनका बेटा कनाडा में जाॅब करता है। वर्तमान में विनोद कुमार रांची में डिफेंस एकेडमी चलाते हैं। इसमें वे सेना में करियर बनाने के इच्छुक स्टूडेंट्स को गाइड और काउंसिलिंग भी करते हैं।

विनोद कुमार आज केबीसी में बिग बी के कठिन सवालों का जवाब देकर वे अधिक से अधिक धनराशि अपने साथ लाना चाहेंगे। विनोद मेगा टीवी शो का हिस्‍सा बनकर बेहद खुश हैं।विनोद ने बताया कि वे बीते 19 साल से केबीसी में जाने का सपना संजोये थे। जिस दिन उनके बेटे की शादी थी, उस दिन ही कौन बनेगा करोड़पति में शामिल हाेने की पुष्टि करने के लिए कंफर्मेशन कॉल उनके मोबाइल पर आया था।विनोद ने बताया कि इंसान को जीवन में अपना लक्ष्‍य कभी भी नहीं बदलना चाहिए। तय किए गए लक्ष्‍य के लिए ईमानदारी से अपना प्रयास जारी रखना चाहिए। कहा कि उनकी 19 साल की कोशिश आखिरकार रंग लाई। सदी के महानायक अमिताभ बच्‍चन के साथ समय बिताना उनके जीवन के बेहद यादगार लम्‍हों में एक है। ये खूबसूरत पल कभी भूल नहीं सकते। कहा कि वे इस शो में जीती गई रकम से अपनी डिफेंस एकेडमी को समृद्ध करेंगे। गांव के नौजवानों का भविष्‍य वे इस इनाम की रकम से सुधारेंगे।