जस्टिस सुभाष चंद ने झारखंड हाईकोर्ट जज की शपथ ली..

झारखंड हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस डॉ. रवि रंजन ने आज जस्टिस सुभाष चंद को शपथ दिलाई। इलाहाबाद हाई कोर्ट से 11 अक्टूबर को इनका तबादला झारखंड हाईकोर्ट में हुआ था। उनके शपथ लेने के साथ ही हाई कोर्ट में जजों की संख्या 20 हो गई है। जबकि यहां स्वीकृत पद 25 हैं। सुभाष चंद ने वर्ष 1988 में कानून में स्नातकोत्तर किया है। इसके बाद वर्ष 1989 से मई 2001 तक हरिद्वार जिला न्यायालय सिविल साइड में प्रैक्टिस की। मई 2001 को वे उत्तर प्रदेश न्यायिक सेवा में नियुक्त किए गए। 4 जनवरी 2012 को इन्होंने उच्च न्यायिक सेवा में योगदान दिया। वर्ष 2016 में जिला एवं सत्र न्यायाधीश के रूप में इन्हें प्रोन्नति मिली। इसके उरान्त वे 16 सितंबर 2020 को इलाहाबाद हाई कोर्ट में एडिशनल जज के रूप में उन्होंने शपथ ली थी।

इसी महीने झारखंड हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस डॉ रवि रंजन ने झारखंड हाईकोर्ट के नवनियुक्त न्यायाधीश गौतम कुमार चौधरी, अंबुज नाथ, नवनीत कुमार व संजय प्रसाद को भी पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई थी। इनके शपथ लेने के बाद झारखंड हाईकोर्ट में न्यायाधीशों की संख्या बढ़कर 19 हो गई थी। अब नवनियुक्त न्यायाधीश सुभाष चंद के शपथ लेने के बाद जहां जजों की संख्या 20 हो गयी है, वहीं अब भी हाईकोर्ट में न्यायाधीशों के 5 पद रिक्त हैं।