JSSC ने 956 पदों के लिए निकाली वेकेंसी..

झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) ने झारखंड सामान्य स्नातक योग्यताधारी संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा 2021 का विज्ञापन निकाल दिया है। इसमें 956 पदों पर भर्ती होगी। इसमें सहायक प्रशाखा पदाधिकारी के 384, कनीय सचिवालय सहायक के 322, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी के 245 और प्लानिंग असिस्टेंट के पांच पदों पर भर्ती होगी। नियुक्ति प्रक्रिया में वही शामिल हो सकेंगे जो झारखंड से मैट्रिक-10वीं और इंटरमीडिएट-12वीं किए हो। इसमें आरक्षण नीति से लाभांवित होने वाले अभ्यर्थियों को छूट दी जाएगी। इसके लिए 15 जनवरी 2022 से ऑनलाइन आवेदन लिए जाएंगे। अभ्यर्थी 14 फरवरी तक आवेदन जमा कर सकेंगे।

अभ्यर्थी JSSC की वेबसाइट www.jssc.nic.in से ऑनलाइन कर सकते हैं। यहां 16 फरवरी तक परीक्षा शुल्क का भुगतान किया जाएगा, जबकि 18 तक फोटो व हस्ताक्षर अपलोड कर आवेदन का प्रिंट आउट लेने के लिए समय सीमा तय की गई है। 19 से 21 फरवरी तक ऑनलाइन आवेदन में नाम, जन्मतिथि, ई-मेल आईडी और मोबाइल नंबर को छोड़कर किसी भी गलती को सुधार सकेंगे।

21 वर्ष है न्यूनतम सीमा, अगस्त 2021 होगा कट ऑफ डेट..
नियुक्ति के लिए एक अगस्त 2021 का कट ऑफ डेट रखा गया है। आवेदन के लिए न्यूनतम उम्र सीमा 21 वर्ष रखी गई है। वहीं, अधिकतम उम्र सीमा अनारक्षित वर्ग के लिए 35, पिछड़ा-अत्यंत पिछड़ा के लिए 37, महिला के लिए 38 और अनुसूचित तथा अनुसूचित जनजार्ति के लिए 40 साल तय की गई है। सभी कोटि के नि:शक्त अभ्यर्थियों को अधिकतम आयु में 10 साल की छूट दी जाएगी।

सामन्य को 1 हजार और SC-ST को 250 देना होगा शुल्क..
अभ्यर्थियों को परीक्षा शुल्क के रूप मे अधिकतम एक हजार देने होंगे। वहीं एससी-एसटी के लिए 250 रुपए का शुल्क लगेगा। वहीं, अन्य वर्गों सामान्य, पिछ़ड़ा और अत्यंत पिछड़ा को एक हजार रुपए देने होंगे।

राज्य स्तरीय पदों में 12 भाषाएं..
राज्यस्तरीय पदों के लिए चिन्हित क्षेत्रीय एवं जनजातीय भाषाओं में संशोधन करते हुए 12 भाषायें तय की गई हैं। इनमें उर्दू, संताली, बंगला, मुंडारी, हो, खड़िया, कुड़ुख, खोरठा, नागपुरी, उड़िया, पंच परगनिया और कुरमाली शामिल हैं। अभ्यर्थियों को किसी एक भाषा का विकल्प चुनना होगा। जिला स्तरीय पदों के लिए अलग से सूची जारी की गई है।