राष्ट्रपति चुनाव में जेएमएम द्रौपदी मुर्मू का करेगा समर्थन..

राष्ट्रपति चुनाव में झामुमो एनडीए उम्मीदवार और झारखंड की पूर्व राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू का समर्थन करेगा। इस संबंध में अध्यक्ष शिबू सोरेन की ओर से सभी सांसद व विधायक को पत्र लिखा गया है। इस पत्र में कहा गया है कि आजादी के बाद पहली बार किसी आदिवासी महिला को राष्ट्रपति बनने का गौरव प्राप्त होने वाला है। ऐसे में विचारोपरांत पार्टी ने राष्ट्रपति चुनाव में द्रौपदी मुर्मू के पक्ष में मतदान करने का निर्णय लिया है। इसलिए सभी सांसद व विधायकों को निर्देश दिया जाता है कि 18 जुलाई को होने वाले राष्ट्रपति चुनाव में राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू के पक्ष में मतदान करें।

25 जून को हुई थी झामुमो के सांसद-विधायकों की बैठक..
पिछले महीने इस मुद्दे पर झामुमो के सांसदों और विधायकों की बैठक सीएम आवास में हुई थी। झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन की अध्यक्षता में हुई बैठक में पार्टी में उन्हें ही इस सम्बन्ध में निर्णय लेने के लिए अधिकृत किया गया था। वहीं एनडीए विधायकों और सांसदों की पिछले दिनों हुई बैठक में रांची आई मुर्मू ने सीएम आवास जाकर सोरेन से मुलाकात की थी। साथ ही उनसे चुनाव में समर्थन भी माँगा था।

एक सांसद और 30 विधायक हैं झामुमो के..
झारखण्ड में झामुमो की एक लोकसभा सीट पर झामुमो का कब्ज़ा है। वहीं राज्य की 81 इलेक्टेड सीट वाली विधानसभा में 30 झामुमो विधायक हैं। राज्य में अगर वोटों के गणित पर नजर डालें तो एक विधायक के वोट का मूल्य 176 है जबकि एक सांसद के वोट का मूल्य 700 है। उस लिहाज से झामुमो के पास कुल 5980 का आंकड़ा है।