मधुपुर उपचुनाव के मद्देनजर 3 अप्रैल को होगी झामुमो कार्यकारिणी व विधायक दल की बैठक..

झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने 3 अप्रैल को केंद्रीय कार्यकारिणी समिति और विधायक दल की बैठक बुलाई है। कार्यकारिणी की बैठक कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवास पर सुबह 10:30 बजे से और विधायक दल की बैठक दोपहर 2:30 बजे होगी। ये दोनों बैठक बेहद अहम मानी जा रही है।

दरअसल, 17 अप्रैल को मधुपुर विधानसभा सीट के लिए उपचुनाव होना है। झामुमो नेता व हेमंत सरकार में मंत्री रहे हाजी हुसैन अंसारी के असमय निधन के बाद मधुपुर में उपचुनाव हो रहा है। इसके बाद उपचुनाव में झामुमो ने हाजी हुसैन अंसारी के बेटे हफीजुल अंसारी को प्रत्याशी बनाया है। महागठबंधन के सहयोगी दल कांग्रेस और राजद ने भी झामुमो को समर्थन दिया है।

दूसरी तरफ भाजपा ने गंगा नारायण सिंह को मैदान में उतारा है। 2019 के विधानसभा चुनाव में गंगा नारायण आजसू के टिकट पर खड़े थे। उस वक्त भाजपा प्रत्याशी राज पलिवार के पराजय के पीछे ये एक बड़ी वजह बन गई थी। लेकिन इस बार उपचुनाव का बिगुल बजते ही गंगा नारायण 22 मार्च को आजसू छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए थे। तभी स्पष्ट हो गया था कि भाजपा गंगा नारायण सिंह को प्रत्याशी बनाने जा रही है। उनको आजसू का भी समर्थन प्राप्त है। लिहाजा, मधुपुर में भाजपा और झामुमो के बीच सीधी टक्कर होनी तय है।

इस सब के बीच माना जा रहा है कि 3 अप्रैल को झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन राजनीतिक समीकरण तैयार करेंगे। दुमका और बेरमो में हुए उपचुनाव में झामुमो और कांग्रेस ने जीत दर्ज की थी। अब झामुमो के सामने मधुपुर में भी जीत को बरकरार रखने की चुनौती है। वहीं दूसरी तरफ भाजपा दोबारा से ये सीट निकालने के लिए एड़ी चोटी की जोर लगाएगी। लिहाजा, झामुमो की इस बैठक को बेहद अहम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *