बिहार विधानसभा चुनाव में झामुमो ने किया 5 प्रत्याशियों के नाम का ऐलान..

बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा ने गुरूवार को पांच प्रत्याशियों के नाम की घोषणा की। पार्टी ने चकाई से एलिजाबेथ सोरेन, झाझा से अजीत कुमार, कटोरिया से अजेला हांसदा, मनिहारी से फूलमणी हेम्ब्रम और धमदाहा विधानसभा क्षेत्र से अशोक कुमार हांसदा को झामुमो ने टिकट देकर उम्मीदवार बनाया है। झामुमो महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने इस बात की जानकारी दी।

दरअसल, बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर राजद और झामुमो के बीच तनातनी दिख रही है| सीटों के बंटवारें को लेकर दोनों पार्टियों में गठबंधन नहीं हो पाया| जिसके बाद झामुमो ने चुनाव मैदान में अपने प्रत्याशी उतारने का निर्णय लिया था। इसस पहले बिहार चुनाव में राजद के साथ तालमेल नहीं होने पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा था कि बिहार विधानसभा चुनाव के जो राजनीतिक समीकरण हैं उनमें कुछ चीजें झामुमो के हिसाब से फिट नहीं बैठी। राजद नेता तेजस्वी यादव का प्रस्ताव, झामुमो संगठन को स्वीकार नहीं है। विपक्षी गठबंधन से अलग रहकर बिहार में झामुमो के प्रत्याशी विधानसभा की विभिन्न सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। वैसे जहां राजद के प्रत्याशी होंगे, वहां झामुमो एक दोस्ताना संघर्ष करेगा।

हेमंत सोरेन ने ये इस विषय में बात करते हुए आगे कहा कि समय के साथ राजनीतिक दायरा भी बढ़ता है, झारखंड मुक्ति मोर्चा का भी संगठनात्मक विस्तार हो रहा है। लेकिन बिहार में झामुमो का चुनाव चिह्न जब्त कर लिया गया है| लेकिन पार्टी कार्यकर्ता और संगठन के पदाधिकारी इससे उत्साहित हुए हैं। चुनाव के विभिन्न चरणों के साथ झामुमो विभिन्न सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा करेगा।