झारखंड में बदलेगा मौसम का मिजाज, 16 के बाद गर्मी से मिल सकती है कुछ राहत..

झारखंड में कई जिलों में लू चलने के बीच आसमान में आंशिक बादल छाए रहे, जिस वजह से कुछ इलाकों में तीखी धूप से थोड़ी राहत मिली, लेकिन उमस में कोई कमी नहीं आने से परेशानी बढ़ी रही। कई जिलों में दिनभर लू की स्थिति रही, वहीं गर्मी के प्रकोप से अब रातें भी गर्म होने लगी हैं, जिससे सुखद नींद लेना मुश्किल होता जा रहा है। गुरुवार को गर्म हवा के बहाव से गिरिडीह, मेदिनीनगर, रांची में कहीं-कहीं लू की चलती रही। मेदिनीनगर का अधिकतम तापमान शाम साढ़े पांच बजे 42.4, गढ़वा का 42.8, गिरिडीह और चाईबासा का 41.4, जमशेदपुर का 41.2, देवघर का 40.9 और रांची का 38.6 रहा। पिछले 24 घंटे के अंदर दिन की तपिश के साथ रातों में भी गर्मी से लोगों की परेशानी बढ़़ गई है।

मौसम केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक आज भी मेदिनीनगर, गढ़वा, चतरा, लातेहार, कोडरमा और लोहरदगा में कुछ स्थानों पर लू चलने के आसार हैं। वहीं 16 अप्रैल से झारखंड में मौसम करवट ले सकता है। 16 अप्रैल से लेकर 19 अप्रैल तक राज्य के कई जिलों में बारिश हो सकती है। रांची, रामगढ़, बोकारो, वेस्ट सिंहभूम, ईस्ट सिंहभूम, सरायकेला खरसावां, धनबाद, जामताड़ा, देवघर, दुमका, गोड्डा, साहेबगंज और पाकुड़ में वज्रपात के साथ बारिश हो सकती है। 17 और 18 अप्रैल को पूर्वी भाग और इसके निकटवर्ती मध्य भाग में मेघ गर्जन और वज्रपात संभव है। हालांकि इस दौरान बारिश की संभावना नगण्य है।