झारखंड के मंत्री हफीजुल हसन ने मनमोहन सिंह को दे दी श्रद्धांजलि, किरकिरी के बाद मांगी माफी..

झारखंड के खेल मंत्री हफीजुल हसन अंसारी ने पूर्व प्रधानमंत्री डा. मनमोहन सिंह को जिंदा रहते ही श्रद्धांजलि दी। उनका एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वो एक सभा को संबोधित कर रहे हैं और मनमोहन सिंह को मृत बता रहे हैं। इस वीडियो में अंसारी मनमोहन सिंह को मृत बताकर उनके सम्मान में एक मिनट का मौन रखने की भी बात कर रहे हैं। हालांकि एक दिन बाद उन्होंने एक वीडियो जारी कर इस संबंध माफी मांगी है। वीडियो में दिख रहा है कि देवघर में पटवाबाद के धमना फाटक के पास शुक्रवार को अंसारी ने एपीजे डॉ. अब्दुल कलाम चौक का उद्घाटन किया। लोगों को संबोधित करते हुए मंत्री की जुबान फिसल गई।

वो कह रहे हैं, “पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का आज निधन हो गया। देश के विकास के योगदान में उनका 50 फीसदी योगदान है। मोदी जी देश को 50 साल पीछे ले गए। लेकिन मनमोहन सिंह जी देश को 50 साल आगे ले गए। वो आज हमारे बीच नहीं रहे। हम उनके लिए एक मिनट का मौन रखेंगे।”

वीडियो वायरल होने के बाद मंत्री की खूब किरकिरी हो रही है। इसके बाद मंत्री अंसारी ने सोशल मीडिया के माध्यम से सफाई दी है। लिखा है, “मैं दिल से क्षमापार्थी हूं। उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरों के कारण ऐसा हुआ।” बता दें कि पूर्व प्रधानमंत्री सिंह डेंगू के कारण दिल्ली एम्स में भर्ती हुए थे। हालांकि उनकी तबीयत में सुधार है।

इधर इस घटना के बाद BJP ने मंत्री हफीजुल पर जमकर निशाना साधा। पूर्व CM रघुवर दास ने कहा कि जैसा राजा वैसा मंत्री! हेमंत सरकार के मंत्री हफीजुल हसन मात्र कुछ तालियों और मोदी विरोध के लिए पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन जी का स्वर्गवास करवा दिया। एक ओर भारत सरकार उनका बेहतर इलाज करवा रही है, दूसरी ओर झारखंड के मंत्री उनको श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।