रावण दहन को लेकर पुलिस और ग्रामीणों में झड़प, कई पुलिस कर्मी घायल..

रामगढ़ : रजरप्पा थाना क्षेत्र के बड़कीपोना स्थित कतारी टोला में शनिवार की देर शाम को रावण दहन को लेकर ग्रामीणों ने पुलिस पर हमला बोल दिया। घटना में मुख्यालय डीएसपी संजीव कुमार मिश्रा व रजरप्पा थाना प्रभारी इंस्पेक्टर विपिन कुमार सहित आधा दर्जन भर पुलिस कर्मी घायल हो गए। घटना के दौरान ग्रामीणों ने कार्यक्रम स्थल पर पुलिस से बहस होने के दौरान लाइट ऑफ कर दिया। इसके बाद अचानक ग्रामीण लाठी, डंडे से पुलिस पर हमला कर दिया। इससे वहां भगदड़ मच गई। साथ ही पुलिस पर पत्थर चलाकर खदेड़ने का प्रयास भी किया गया। घटना की जानकारी होने के बाद एसपी प्रभात कुमार स्वयं वहां पहुंचे। घटना के बाद जिला से अतिरिक्त पुलिस बल वहां पहुंच गई है। इलाका पुलिस छावनी में तब्दील हो गया है।

बताया जाता है कि बड़कीपोना कतारी टोला में रावण दहन होना था। सूचना के बाद रजरप्पा थाना पुलिस वहां पहुंचकर सरकारी गाइड लाइन का हवाला देकर रावण दहन रोकने की बात कही। इससे ग्रामीण भड़क गए और विरोध करने लगे। देखते ही देखते बहस से बात धक्का-मुक्की तक पहुंच गई। इसके बाद अचानक ग्रामीण हमलावार हो गए। एसपी प्रभात कुमार स्वयं कमान संभालते हुए घायलों से मामले की जानकारी लेकर घटना स्थल पर पहुंचे है। वहां से ग्रामीण भाग गए है। पुलिस घटना स्थल पर किसी को जाने से मना कर दिया है। गांव में पुलिस घटना में शामिल ग्रामीणों को चिन्हित करने में जुट गई है। पुलिस ने मामले में आधे दर्जन लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस घर-घर जा जाकर भी पूछताछ कर रही है। देर रात तक गांव में तनाव का माहौल कायम गया है।