Jharkhand Corona Update: एक ही दिन में मिले 1882 पॉजिटिव; रांची में 858 नए केस, 7 मौतें..

झारखंड में कोरोना से हाहाकार मच गया है। एक ही दिन में करीब 1900 कोरोना पॉजिटिव केस सामने आए हैं। गुरुवार को राज्य में 1882 नए कोरोना मरीजों की पहचान हुई। इनमें राजधानी रांची में सर्वाधिक 858 कोरोना मरीज मिले हैं। पूर्वी सिंहभूम में आज 204 नए कोरोना मरीज मिले। वहीं आज राज्य में कोरोना से कुल 7 मरीजों की मौत हुई है। मृतकों में साहिबगंज से 1 और रांची से 6 मरीज शामिल हैं। वहीं, बढ़ते कोरोना संक्रमण को देखते हुए सरकार ने 30 अप्रैल तक के लिए नई गाइडलाइन जारी की है। यह गुरुवार से लागू हाे गई। रात 8 बजे के बाद बाजार बंद हो गए। केवल दवा की दुकानों को इसमें छूट दी गई है।

राज्य में 24 घंटे के भीतर 498 कोरोना संक्रमित मरीज स्वस्थ भी हुए। रांची में आज 858 कोरोना मरीज मिलने के बाद नीचे से ऊपर तक शासन-प्रशासन में खलबली मच गई। राज्य में कोरोना का संक्रमण खतरनाक रूप से लगातार बढ़ता जा रहा है। स्थिति यह है कि एक दिन पूर्व राज्य में जहां 1,312 कोरोना संक्रमित मिले थे, वहीं गुरुवार को पूरे राज्य में 1,882 नए कोरोना मरीजों की पहचान हुई।

आज कहां मिले कितने मरीज..
बोकारो में 70, चतरा में 22, देवघर में 72, धनबाद में 91, दुमका में 67, पूर्वी सिंहभूम में 204, गढ़वा में 17, गिरिडीह में 9, गोड्‌डा में 44, गुमला में 43, हजारीबाग में 94, जामताड़ा में 27, खूंटी में 35, कोडरमा में 50, लातेहार में 5, लोहरदगा में 12, पाकुड़ में 11, पलामू में 8, रामगढ़ में 36, रांची में 858, साहेबगंज में 40, सरायकेला में 12, सिमडेगा में 13 और पश्चिमी सिंहभूम में 42 नए मरीज मिले हैं।

झारखंड में सक्रिय मामले अब नौ हजार से पार, रांची में 4,720 मरीज..
झारखंड में सक्रिय मामले (वर्तमान में संक्रमित) की संख्या बढ़कर अब 9,249 हो गई है। फरवरी के पहले सप्ताह में ऐसे मामले की संख्या राज्य में महज 428 थी। इधर, रांची में भी सक्रिय मामले बढ़कर अब 4,720 हो गए हैं। इस तरह, झारखंड के सक्रिय मामले में आधे से अधिक सिर्फ रांची में हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *