दुबई में फंसे झारखंड के 17 मजदूर, सरकार से लगाई वापस बुलाने की गुहार..

झारखंड के 17 प्रवासी मजदूर दुबई में फंस गए हैं। इनमें गिरिडीह से साथ-साथ हजारीबाग और बोकारो जिले के 17 प्रवासी मजदूर शामिल हैं। सबसे ज्यादा गिरिडीह जिले के 11 मजदूर हैं। दुबई में फंसे इन मजदूरों ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड किया है। वीडियो के जरिए इन मजदूरों ने झारखंड सरकार से गुहार लगाई है और वतन वापसी की मांग की है।

दुबई में फंसे मजदूरों ने वीडियो के जरिए कहा है कि 6 महीने पहले वे केरल के एजेंट के माध्यम से दुबई पहुंचे थे। जिस कंपनी में उनको काम मिला, वह काम के बदले मजदूरी नहीं दे रही है और ना ही समय पर खाना दे रही है। इतना ही नहीं, उन्हें घर भी नहीं भेजा जा रहा है। ऐसे में झारखंड सरकार से मदद मांगते हुए इन मजदूरों ने रमजान से पहले वापस भारत लाने को कहा है।

दुबई में फंसने वाले 17 मजदूरों में 11 मजदूर गिरिडीह जिले के बगोदर, सरिया एवं डुमरी थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। इसके अलावा शेष मजदूर हजारीबाग और बोकारो जिले के रहने वाले हैं। बगोदर के मजदूरों में तापेश्वर महतो, श्यामलाल महतो, कोकील महतो, भीम महतो, हीरालाल महतो, डुमरी थाना क्षेत्र के लीलो महतो, सरिया थाना क्षेत्र के बंधन महतो, युगल महतो, जितेंद्र हांसदा, संजय महतो, विनोद महतो के अलावा हजारीबाग एवं बोकारो जिले के मजदूर शामिल हैं।