उत्तराखंड के चमोली त्रासदी पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जताया दुख..

रविवार को उत्तराखंड के चमोली में ग्लेशियर फटने से भीषण त्रासदी मच गई। इस घटना को लेकर झारखंड के मुख्‍यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपनी संवेदना जाहिर की है। रविवार को सीएम ने ट्विटर पर अपने संदेश में इस आपदा पर गहरा दुख व्यक्त किया है। सीएम ने लिखा कि उत्तराखंड के चमोली जिले में ग्लेशियर फटने से आयी आपदा का दुःखद समाचार मिला। परमात्मा सभी को सुरक्षित रखे यही कामना करता हूं।

वहीं भाजपा नेता व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने भी चमोली कि घटना पर दुख जताया। उन्होंने ट्वीट किया – उत्तराखंड के चमोली जिले में अकस्मात ग्लेशियर टूटने से उस क्षेत्र में हुए भारी जान माल के नुकसान से मन विचलित है।मैं लोगों की सुरक्षा और सेहत के लिए प्रार्थना करता हूं।इस आपदा के समय पूरे देश की जनता उत्तराखंड के लोगों के साथ है।

वहीं आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो ने भी ट्वीट कर इस आपदा पर दुख जताया। उन्होंने अपने संदेश में लिखा- देवभूमि उत्तराखंड के चमोली में ग्लेशियर टूटने की खबर काफी परेशान करने वाली है। ईश्वर सभी की रक्षा करे।

बता दें कि उत्तराखंड के चमोली जिले के रैनी में रविवार सुबह करीब 10 बजे तपोवन इलाके में ग्लेशियर टूट गया। ग्लेशियर फटने से धौली नदी में बाढ़ आ गई। कई लोग नदी में बह गए साथ ही नदी किनारे गांवों को नुकसान हुआ।

अबतक के राहत और बचाव कार्य के दौरान 14 शव मिलने की पुष्टि हुई है। वहीं अभी भी 125 से अधिक लोग लापता हैं। पूरी रात बचाव कार्य जारी रहा। सुरंगों के पास से मलबा हटाया जा रहा है। माना जा रहा है कि इनमें काफी लोग फंसे हुए हैं। फिलहाल नुकसान का आकलन जारी है।